हाईवे पर ट्रकों की भिड़ंत, दो लोगों की गई जान
गढ़मुक्तेश्वर। सिंभावली क्षेत्र में हरोड़ा मोड़ ओवरब्रिज पर खराब खड़े मिनी ट्रक में तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। जिसमें दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं तीन लोगों को गंभीर हालत में मेरठ के लिए रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेते हुए चालक को गिरफ्तार कर लिया है। शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
जनपद अमरोहा के थाना हसनपुर क्षेत्र के गांव सिरसा गुर्जर निवासी धर्मपाल सिंह, सतवीर, तसलीम, रणवीर समेत अन्य लोग रविवार की रात मिनी ट्रक में सब्जी भरकर साहिबाबाद मंडी में बेचने के लिए लेकर जा रहे थे। सिंभावली क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर हरोड़ा मोड ओवरब्रिज पर अचानक मिनी ट्रक में पंचर हो गया। जिसके चलते मिनी ट्रक मालिक/चालक योगेश निवासी गांव शिवपुरा जनपद अमरोहा स्टेपनी बदलने के लिए मिनी ट्रक से उतर गया तथा पीछे से आ रहे एक ट्रक के चालक रिजवान निवासी पंजाबनगर जनपद रामपुर से जैक लिया और स्टेपनी बदलने लगा। इस दौरान रिजवान भी योगेश के पास ही खड़ा हो गया। रात करीब एक बजे पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने खराब खड़े मिनी ट्रक में टक्कर मार दी। घटना में सतवीर, राजवीर, तसलीम समेत मिनी ट्रक चालक योगेश व दूसरे ट्रक का चालक रिजवान गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं मिनी ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को तुरंत सिंभावली अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने सतवीर और रिजवान को मृत घोषित कर दिया। वहीं अन्य घायलों को गंभीर हालत में मेरठ के लिए रेफर कर दिया गया। घटना के संबंध में धर्मपाल निवासी जनपद अमरोहा ने आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ तहरीर दी है।
कार्यवाहक थानाध्यक्ष लाखन सिंह ने बताया कि मृतकों के शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी ट्रक चालक रजनीश कुमार निवासी बेगुसराय बिहार को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।