हमला व फायरिंग करने वाला आरोपी दबोचा
गढ़मुक्तेश्वर। गांव भोवापुर में मजदूरी के पैसे मांगने को लेकर दो पक्षों में हुई मारपीट और फायरिंग के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जिसके पास घटना में शामिल तमंचा और एक कारतूस बरामद हुआ है।
सिंभावली थाना कार्यवाहक थानाध्यक्ष लाखन सिंह ने बताया कि क्षेत्र के गांव भोवापुर में मजूदरी के पैसे मांगने पर ऋषिपाल के बेटे अनुज का गांव के ही सतवीर से विवाद हो गया था। जिसमें ऋषिपाल ने सतवीर समेत अन्य लोगों पर उनके घर में घुसकर मारपीट, हंगामा करने और उसके परिजनों पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी थी। वहीं दूसरे पक्ष की तरफ से गौरव ने दूसरे पक्ष के तीन लोगों के खिलाफ मारपीट का आरोप लगाया था, जिसमें दोनों पक्षों की तरफ से रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच कर आरोपियों की तलाश की जा रही थी। लाखन सिंह ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने शनिवार की रात बक्सर-ढाना रोड पर पीर के निकट दबिश दी। दबिश के दौरान घटना में शामिल सतवीर को तमंचे और कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि तमंचे और कारतूस को कब्जे में लेते हुए आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत भी रिपोर्ट दर्ज की गई है। घटना में शामिल अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है, जिन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।