घर में घुसकर युवती से दुष्कर्म की कोशिश, विरोध पर किया जानलेवा हमला
गढ़मुक्तेश्वर। सिंभावली क्षेत्र के एक गांव में युवती से दुष्कर्म की कोशिश समेत शिकायत करने पर घर में घुसकर मारपीट, फायरिंग व जान से मारने की धमकी देने के मामले में कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
सिंभावली थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती ने बताया कि गांव का ही रहने वाला एक युवक काफी समय से उसे परेशान करता रहता है। 20 फरवरी 2020 को आरोपी ने उसका हाथ पकड़ लिया, जिसकी शिकायत उसने अपने माता-पिता से की थी। इसके बावजूद आरोपी अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। युवती ने बताया कि एक मार्च को उसके माता-पिता दवाई लेने गए हुए थे। इसी दौरान आरोपी उसके घर में घुस आया, जिसने उसके साथ मारपीट करते हुए दुष्कर्म का प्रयास किया, लेकिन शोर मचाने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकला। परिजनों के लौटने पर उसने घटना की जानकारी दी, तो वह आरोपी के घर शिकायत लेकर पहुंचे। आरोपी के पिता और चाचा ने उन्हें ही बुरा-भला कहा। शाम के समय आरोपी अपने साथियों के साथ उसके घर में घुस आया, जिन्होंने मारपीट करते हुए जान से मारने की नीयत से तमंचे से फायरिंग की। पीड़िता ने बताया कि इस संबंध में उसने सिंभावली थाने समेत एसपी कार्यालय में भी शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो सकी। जिसके चलते उसे न्यायालय का सहारा लिया।
कार्यवाहक एसओ लाखन सिंह ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर पांच आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच करते हुए आरोपियों की तलाश की जा रही है।