फाइनेंसकर्मी बनकर तेरह महिलाओं से हजारों की ठगी
गढ़मुक्तेश्वर। गंगानगरी ब्रजघाट में फाइनेंस कर्मी बनकर पहुंचे ठगों ने तेरह महिलाओं से हजारों रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित महिलाओं ने जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है।
ब्रजघाट निवासी सीमा देवी समेत अन्य पीड़ित महिलाओं ने जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है। जिसमें बताया कि फरवरी में दो युवक हापुड़ की एक फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी बनकर ब्रजघाट में पहुंचे और महिलाओं को ग्रुप लोन देने के लिए मीटिंग की थी। पीड़िताओं का आरोप है कि फर्जी फाइनेंस कर्मचारी बनकर आए आरोपियों ने तेरह महिलाओं से पंजीकरण के नाम पर 18 सौ 90 रुपये प्रत्येक महिला से ले लिए। कुल मिलाकर 24 हजार 570 रुपये आरोपियों के पास पहुंच गए। जिसके बाद महिलाओं को सामूहिक लोन देने के लिए दस्तावेज तैयार कराने के लिए कहकर आरोपी वहां से निकल गए। पीड़िताओं ने बताया कि आज तक भी वह फाइनेंस कर्मी वापस नहीं लौटे हैं, जो महिलाओं के साथ ठगी कर फरार हैं। जिन पर कार्रवाई के लिए महिलाओं ने जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराते हुए कार्रवाई की मांग की है।
इंस्पेक्टर शीलेश कुमार ने बताया कि उन्हें इस संबंध में कोई जानकारी नहीं है, शिकायत मिलने के बाद जांच कर कार्रवाई की जाएगी। संवाद