गढ़ के वकीलों ने एसडीएम कोर्ट का किया बहिष्कार
गढ़मुक्तेश्वर। बार एसोसिएशन गढ़मुक्तेश्वर से जुड़े अधिवक्ताओं ने कार्यप्रणाली पर आक्रोश जताते हुए एसडीएम कोर्ट बहिष्कार किया। वहीं अनिश्चितकालीन बहिष्कार की घोषणा की है। बार एसोसिएशन गढ़मुक्तेश्वर अध्यक्ष चंद्रशेखर शर्मा की अध्यक्षता में शुक्रवार को अधिवक्ताओं की एक बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें चंद्रशेखर शर्मा ने कहा कि एसडीएम गढ़ की कार्यप्रणाली और व्यवहार अधिवक्ताओं के साथ सही नहीं है। पहले भी एसडीएम की कार्यप्रणाली को लेकर अधिवक्ताओं द्वारा बहिष्कार किया गया था, लेकिन आश्वासन के बाद कार्य बहिष्कार वापस ले लिया गया। उन्होंने कहा कि इसके बाद भी उनकी कार्यप्रणाली में कोई अंतर नहीं आया है, जिसे लेकर अधिवक्ताओं में आक्रोश है। बैठक के दौरान सर्वसम्मति से एसडीएम न्यायालय के बहिष्कार का निर्णय लिया। उन्होंने बताया शुक्रवार को भी अधिवक्ताओं ने एसडीएम कोर्ट का बहिष्कार करते हुए कामकाज बंद रखा। वहीं शनिवार को बार कौंसिल ऑफ इंडिया के आह्वान पर अधिवक्ता सभी न्यायालयों में कामकाज नहीं करेंगे। उन्होंने एसडीएम न्यायालय के अनिश्चितकालीन बहिष्कार की चेतावनी दी है। इस मौके पर अवनीश चौधरी, शाकिर अली, अमित गर्ग, जितेंद्र भाटी समेत अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे। संवाद