सड़क दुर्घटनाओं में बच्ची समेत पांच घायल
गढ़मुक्तेश्वर। गढ़-सिंभावली क्षेत्र में हुए सड़क दुर्घटनाओं में महिला व बच्ची समेत पांच लोग घायल हो गए। सभी घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जनपद अमरोहा के गजरौला क्षेत्र निवासी रामगोपाल शुक्रवार को गढ़ नगर में स्थित अपनी रिश्तेदारी में पत्नी मिथलेश और पांच साल की बेटी रोशनी के साथ आया था। शनिवार की सुबह तीनों बाइक से गजरौला लौट रहे थे। नेशनल हाईवे पर ब्रजघाट गंगा पुल के निकट तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में साइड मार दी। इससे बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। जिससे बाइक पर सवार बच्ची समेत तीनों घायल हो गए। वहीं सिंभावली क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर गांव बक्सर ओवरब्रिज के पास अचानक सामने आए कुत्ते को बचाने के चक्कर में हापुड़ निवासी इकलाख ने बाइक के ब्रेक लगा दिए, जिससे बाइक अनियंत्रित हो गई। घटना में इकलाख और उसका साथी मोमीन घायल हो गए। सभी घायलों को स्थानीय नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है। संवाद