सड़क हादसे में दंपती समेत छह लोग घायल
गढ़मुक्तेश्वर। नेशनल हाईवे और मेरठ रोड पर हुए सड़क हादसों में महिला समेत छह लोग घायल हो गए। राहगीरों ने घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।
जनपद संभल निवासी संदीप सिंह अपनी पत्नी प्रिया के साथ सोमवार को कार में सवार होकर मेरठ की तरफ जा रहे थे। जैसे ही वह गढ़ क्षेत्र में मेरठ रोड पर पहुंचे तो पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने कार में साइड मार दी। इससे कार में सवार दंपती घायल हो गए। राहगीरों ने घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
इसके अलावा दूसरी घटना में गौतमबुद्धनगर निवासी गौरव अपने परिवार के सदस्य रिंकुश, देव और रवि कुमार के साथ कार में सवार होकर गढ़ गंगा ब्रजघाट में स्नान के लिए आए थे। स्नान कर लौटने के दौरान जैसे ही वह सिंभावली क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर बिजली घर के पास पहुंचे तो गलत दिशा में आ रहे गन्ने से लदे ट्रैक्टर-ट्रॉले ने कार में साइड मार दी। जिससे कार सवार चारों लोग घायल हो गए और कार भी क्षतिग्रस्त हो गई। घायलों को राहगीरों ने आनन फानन में निजी अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने बताया कि घायल व्यक्ति उपचार कराने के बाद बिना किसी कार्रवाई के गंतव्य को लौट गए। संवाद