सोशल साइट पर कार बेचने के नाम पर 30 हजार ठगे
गढ़मुक्तेश्वर। सिंभावली क्षेत्र में एक युवक से सोशल साइट पर कार बेचने के नाम पर साइबर ठगों ने 30 हजार रुपये ठग लिए। पीड़ित ने थाने पर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
सिंभावली थाना क्षेत्र के गांव वैठ निवासी सरताज ने थाने पर तहरीर दी है, जिसमें बताया कि 29 जनवरी को एक सोशल साइट पर एक व्यक्ति ने कार बेचने के संबंध में विज्ञापन डाला था। जिसे देखकर उसने साइट पर दिए गए नंबर पर फोन किया। एक युवक से कार के बारे में बातचीत हुई। जिसने स्वयं को कार विक्रेता बताया। पीड़ित का कहना है कि उसने 80 हजार रुपये में सौदा तय कर लिया। इसके बाद साइबर ठग ने पहले मोबाइल एप के माध्यम से 3050 रुपये, उसके बाद 14 हजार रुपये अपने खाते में डलवाए। जिसके बाद उसी दिन आरोपी ने कार भेजने की बात कही।
साइबर ठग ने बताया कि आरोपी ने उसे फोन कर बताया कि कार रास्ते में है। जिसके बाद आरोपी ने 12 हजार पांच सौ रुपये उसके खाते में डालने के लिए कहा। ठग की बातों में आकर उसने बैंक खाते में रुपये डाल दिए। करीब 30 हजार रुपये की रकम भेजने के बाद आरोपी ने अपना मोबाइल बंद कर लिया। पीड़ित ने बताया कि दो दिन बीतने के बाद भी उसे न तो कार मिली है और न ही उसके पैसे वापस मिल सके। पीड़ित ने आरोपी के खिलाफ थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
थानाध्यक्ष राहुल चौधरी का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।