सड़क हादसे में बुजुर्ग की मौत, पत्नी घायल
गढ़मुक्तेश्वर। सिंभावली क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक में साइड मार दी। जिससे बाइक हाईवे किनारे नाले में जा गिरी। हादसे में बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं परिजनों ने बिना किसी कार्रवाई के मृतक को सुपुर्दे खाक कर दिया।
गढ़ नगर की नाजिम कॉलोनी निवासी ताजुद्दीन (65 वर्ष) शनिवार को अपनी पत्नी जरीना के साथ हापुड़ में स्थित रिश्तेदारी में गए थे। शाम को बाइक से गढ़ लौट रहे थे। नेशनल हाईवे पर सिंभावली क्षेत्र में करीब चार बजे गांव वैठ के निकट मोड़ पर पहुंचे तो तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में साइड मार दी। जिससे ताजुद्दीन बाइक से नियंत्रण खो बैठे और बाइक हाईवे किनारे बने नाले में जा गिरी। हादसे में ताजुद्दीन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि जरीना गंभीर रूप से घायल हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर घायल महिला को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं मृतक के परिजनों को सूचना दी।
सिंभावली कार्यवाहक एसओ लाखन सिंह का कहना है कि मृतक के परिजन बिना कार्रवाई शव को अपने साथ ले गए। गमगीन माहौल में मृतक को सुपुर्दे खाक कर दिया है। संवाद