सिंभावली क्षेत्र में नमूने लेते खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी।
- फोटो : GARH
खाद्य सुरक्षा विभाग ने डेयरियों पर छापा मारकर लिए नमूने
गढ़मुक्तेश्वर। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने डेयरियों पर छापा मारा। इस दौरान दूध, पनीर समेत अन्य चीजों के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं।
फूड इंस्पेक्टर शिवदास ने बताया कि डीएम अदिति सिंह के निर्देश पर क्षेत्र में मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने के लिए शुक्रवार को सिंभावली क्षेत्र में छापा मारा। बताया कि खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने सिंभावली में शर्मा डेयरी पर छापा मारकर दूध व पनीर के नमूने एकत्र किए। जिसके बाद सागर डेयरी से दूध और क्रीम के नमूने लिए गए। वहीं गांव बक्सर में स्थित स्टैंडर्ड पनीर प्राइवेट लिमिटेड से दूध, पनीर व घी के नमूने एकत्र किए गए। शिवदास ने बताया कि सिंभावली में कार्रवाई के बाद टीम ने बाबूगढ़ में स्थित हरियाणा यात्री ढाबा पर भी जाकर जांच पड़ताल की। जहां से टीम ने अरहर की दाल एवं शाही पनीर के नमूने संग्रहित किए। उन्होंने बताया कि सभी नमूनों को जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।