बदमाशों ने युवक से बाइक व मोबाइल लूटा
गढ़मुक्तेश्वर। सिंभावली क्षेत्र में नौकरी कर घर लौट रहे एक युवक की बदमाशों ने तमंचे के बल पर बाइक और मोबाइल फोन लूट लिया। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी है।
बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के भैना सदरपुर निवासी सचिन कुमार शर्मा ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है, जिसमें बताया कि गाजियाबाद में नौकरी करता है। वह रोजाना की तरह 14 जनवरी की देर शाम गाजियाबाद में नौकरी कर बाइक पर सवार होकर घर लौट रहा था। पीड़ित ने बताया कि जैसे ही वह सिंभावली थाना क्षेत्र में बक्सर रेगुलेटर पहुंचा तो पीछे से दो बाइक पर सवार तीन युवकों ने ओवरटेक कर बाइक रुकवा ली। इसके बाद तमंचे के बल पर बदमाशों ने युवक की जेब में रखी पांच सौ रुपये, एटीएम कार्ड समेत अन्य दस्तावेज और बाइक लूट ली। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देकर भाग निकले। पीड़ित ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
थानाध्यक्ष राहुल चौधरी ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है, जल्द ही मामले की जांच कर खुलासा कर दिया जाएगा। संवाद