नर्सिंग होम में लूट और नर्स से छेड़छाड़ का आरोप
गढ़मुक्तेश्वर। नेशनल हाईवे किनारे स्थित एक नर्सिंग होम में घुसकर आधा दर्जन दबंगों ने हथियारों के बल पर मारपीट करते हुए एक नर्स से छेड़छाड़ की। वहीं कैश काउंटर पर रखी नकदी भी लूट ली। नर्सिंग होम संचालक ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जानकारी से इंकार कर रही है।
गढ़ कोतवाली क्षेत्र में नेशनल हाईवे किनारे से नर्सिंग होम का संचालन करने वाले एक व्यक्ति ने मंगलवार को कोतवाली में तहरीर दी है। जिसका कहना है कि सोमवार की रात करीब दो बजे वह नर्सिंग होम पर अपने स्टॉफ के लोगों के साथ मौजूद था। इस दौरान आधा दर्जन युवक उसके नर्सिंग होम में घुस आए। जिन्होंने नर्सिंग होम में घुसते ही मारपीट शुरू कर दी। वहीं ड्यूटी पर मौजूद एक नर्स से छेड़छाड़ भी की। आरोप लगाया कि दबंगों ने कैश काउंटर पर रखी 30 हजार रुपये की नकदी भी लूट ली। वहीं विरोध करने पर आरोपियों ने तमंचों की बट और लोहे की राड मारकर उसे घायल कर दिया। पीड़ित ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
कोतवाली प्रभारी मुकेश कुमार का कहना है कि इस संबंध में उन्हें कोई तहरीर नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।