जर्जर सड़क व खुले मैनहोल से हादसों का खतरा
गढ़मुक्तेश्वर। रिफ्यूजी कॉलोनी में एक साल से सड़कों की हालत खस्ता हुई पड़ी है। वहीं खुले मैनहोल हादसों को दावत दे रहे हैं। तीन साल से बिजली आपूर्ति के लिए लगे खंभों पर तार नहीं खिंचने से सड़कों पर अंधेरा पसरा हुआ है। जिससे सर्दी के मौसम में चोरी की घटनाओं के बढ़ने का भी डर बना हुआ है।
गढ़ नगर पालिका क्षेत्र की रिफ्यूजी कॉलोनी की नई आबादी में समस्याओं का अंबार है। करीब एक साल पहले सीवर लाइन डाले जाने के दौरान तोड़ी गई सड़कों की मरम्मत अभी तक नहीं हो सकी है। जिसके चलते मोहल्लेवासियों समेत राहगीरों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। वहीं नई कॉलोनी में कई स्थानों पर मैनहोलों से ढक्कन गायब हैं, जो हर समय हादसों को न्योता दे रहे हैं। बता दें कि रिफ्यूजी कॉलोनी में पीछे की तरफ बनी नई कॉलोनी से होकर एक रास्ता गांव शाहपुर की तरफ भी जाता है। जिससे प्रतिदिन दर्जनों ग्रामीणों को आवागमन होता है। क्षतिग्रस्त सड़क और नाले का निर्माण न होने से सड़क पर जलभराव और कीचड़ की स्थिति बनी हुई है। इसके अलावा कॉलोनी में करीब चार साल पहले बिजली आपूर्ति के लिए पालिका स्तर से करीब आधा दर्जन खंभे लगवा दिए गए थे, लेकिन चार साल बीतने के बाद भी उनपर लाइन नहीं खींची जा सकी है। जिससे मोहल्लेवासियों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। बिजली का घरेलू कनेक्शन लेने के बाद आपूर्ति सुचारु करने के लिए कई सौ मीटर दूरी पर लगे खंभों से केबिल खींचना मजबूरी बनी हुई है। वहीं खंभों पर लाइन न खिंच पाने के कारण स्ट्रीट लाइट भी नहीं लग पाई हैं। जिसके चलते रात के समय अंधेरा पसर जाता है।
कोट
पालिकाध्यक्ष सोना सिंह का कहना है कि सीवर लाइन डाले जाने के दौरान क्षतिग्रस्त की गई सभी सड़कों की मरम्मत कराने और मैनहोलों पर ढक्कन लगाए जाने के लिए बार-बार जल निगम को रिमाइंडर दिए जा रहे हैं।
कोट
विद्युत निगम के एक्सईएन केपी पुरी ने कहा कि बिजली के खंभों पर जल्द ही लाइन खिंचवा दी जाएंगी। कॉलोनी वासियों को किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।