संदिग्ध परिस्थिति में युवती की मौत
गढ़मुक्तेश्वर। गांव हरौड़ा में संदिग्ध परिस्थिति में युवती की मौत हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है वहीं फोरेंसिंक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की।
सिंभावली थाना क्षेत्र के गांव हरौड़ा निवासी हरवीर सिंह की 19 वर्षीय बेटी डोली उर्फ निरूपमा का शव बृहस्पतिवार को कमरे में छत के कुंदे से लटका मिला। परिजनों ने बताया कि डोली के भाई का अपनी पत्नी और ससुराल पक्ष के लोगों से विवाद चल रहा है। जिसके चलते उसकी भाभी अपने मायके में ही रह रही है। जिसने अपने पति समेत उन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई हुई है। जिसमें डोली को भी नामजद किया हुआ है। बताया कि बृहस्पतिवार को उक्त मामले में कोर्ट में तारीख थी, जिसमें जाने के लिए वह लोग घर से चल दिए थे। आरोप है कि भाभी और उसके मायके वालों के उत्पीड़न से परेशान होकर डोली ने आत्महत्या की है। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना को संदिग्ध मानते हुए मृतका का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं फोरेंसिंक टीम को भी मौके पर बुला लिया।
एसओ राहुल चौधरी का कहना है कि मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है, शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण का सही पता चल सकेगा। संवाद