भाकियू भानु ने घेरा थाना, गश्त बढ़ाने की मांग
गढ़मुक्तेश्वर। सिंभावली क्षेत्र में लूट, चोरी समेत पशु चोरी की घटनाओं के न थमने से गुस्साए भाकियू भानु के पदाधिकारियों ने थाने का घेराव किया। इस दौरान पदाधिकारियों ने घटनाओं के जल्द खुलासे और गश्त बढ़ाए जाने की मांग की। वहीं एसओ को ज्ञापन देकर खुलासा न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
भाकियू भानु किसान मजदूर मोर्चा के जिलाध्यक्ष सुवीश त्यागी, जिला संरक्षक अजय त्यागी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने शनिवार को सिंभावली थाने का घेराव किया। पदाधिकारियों ने कहा कि पिछले दिनों क्षेत्र में एक दर्जन से अधिक पशु और खेतों से नलकूप की मोटर चोरी होने की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन पुलिस अभी तक इनका खुलासा नहीं कर सकी है। इसके अलावा गांव रझैड़ा, माधापुर में लूट व डकैती की घटनाएं हुई हैं। इनमें भी पुलिस के हाथ अभी तक खाली हैं। सुवीश त्यागी ने कहा कि शुक्रवार की रात भी गांव दत्तियाना से किसान गौरव त्यागी के घेर से दो पशु चोरी कर ले गए। वहीं मोहित के घर से भी पशु चोरी का प्रयास किया, लेकिन जाग होने पर भाग निकले। इस तरह की घटनाओं से रात के समय पुलिस गश्त की पोल खुलकर सामने आ रही है।
कार्यकर्ताओं ने एसओ राहुल चौधरी को ज्ञापन देते हुए क्षेत्र में हुई लूट, चोरी समेत अन्य घटनाओं के जल्द से जल्द खुलासे समेत रात के समय गांवों में गश्त बढ़ाए जाने की मांग की है। ऐसा न होने पर किसानों ने उग्र आंदोलन और धरना-प्रदर्शन की भी चेतावनी दी। इस मौके पर योगेश त्यागी, अर्जुन सिंह, इकबाल त्यागी, अनिल आर्य, सुधीर त्यागी, हाजी फारूख, गोलू त्यागी, अरविंद त्यागी, सुरवीर त्यागी समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
थानाध्यक्ष राहुल चौधरी का कहना है कि सभी मामलों की जांच की जा रही है। जल्द ही घटनाओं का खुलासा किया जाएगा। वहीं रात के समय गश्त के दौरान लापरवाही बरतने पर पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।