अंडरपास बनवाने की मांग पर 11वें दिन भी जारी रहा धरना
गढ़मुक्तेश्वर। गांव सिखैडा में अंडरपास बनवाए जाने की मांग को लेकर चल रहा किसानों का धरना 11वें दिन भी जारी रहा। वहीं धरना स्थल पर पहुंचे सपा नेता अतुल पधान ने सरकार को किसान और जन विरोधी बताया। उन्होंने कहा कि आगामी चुनावों में जनता वर्तमान सरकार को सबक सिखा देगी।
सिंभावली क्षेत्र के गांव सिखैडा के किसान और ग्रामीण पिछले 11 दिनों से निर्माणाधीन हाईवे के बाइपास पर खेतों पर जाने के लिए अंडरपास बनाए जाने की मांग को लेकर धरनारत हैं। इस दौरान किसानों को सैनिक संगठन, कांग्रेस, सपा समेत अन्य दलों का समर्थन मिल चुका है। भाकियू भानू के पदाधिकारी और कार्यकर्ता लगातार किसानों के साथ हैं, जो धरने में भी शामिल हो रहे हैं। वहीं जिला मुख्यालय पहुंचकर पीएम के नाम एक ज्ञापन भी डीएम को सौंप चुके हैं। किसानों का आरोप है कि एनएचएआई और ना ही जनपद स्तरीय अधिकारी कोई उनकी समस्या पर ध्यान नहीं दे रहा है। इस दौरान अरविंद त्यागी, रतवीर त्यागी, सोमपाल सिंह, पवन हुण, शहजाद चौधरी , इकबाल त्यागी, तनवीर अली, सोनवीर, इमरान, वाहिद, साजिद आदि किसान मौजूद रहे।