गन्ना भुगतान व बिल समस्या पर भड़की भाकियू
हापुड़। सिंभावली क्षेत्र के गांव मुक्तेश्वरा में आयोजित भाकियू भानू युवा मोर्चा की बैठक में धान मूल्य, गन्ना भुगतान, बिजली समस्या समेत अन्य मुद्दों पर चर्चा की गई। जिला उपाध्यक्ष रोहित प्रधान के आवास पर हुई बैठक की अध्यक्षता धनपाल और संचालन जिला प्रभारी दीपक अधाना ने की। युवा जिलाध्यक्ष अमित धनपुरा ने कहा कि किसानों के साथ किसान बिलों को ठीक कराने और अन्य कामों के लिए विद्युत निगम के कार्यालय के चक्कर लगाने को मजबूर हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं होती। किसानों को इस वर्ष धान का मूल्य काफी कम मिल रहा है, जिससे किसानों को फसलों की लागत भी नहीं मिल पा रही। अमित ने कहा कि जनपद की दोनों शुगर मिलों सिंभावली और ब्रजनाथपुर द्वारा अभी भी किसानों को बकाया गन्ना भुगतान नहीं दिया जा रहा है। जिससे किसानों की आर्थिक स्थिति बेहद खराब है। वहीं उन्होंने खेतों में घुसकर फसल नष्ट कर रहे बेसहारा पशुओं की धरपकड़ की भी मांग की। वहीं संगठन के विस्तार पर भी चर्चा की गई। इस मौके पर सत्येंद्र गुर्जर, रविंद्र प्रधान, मोहित, ललित हूण, संजीव, रोहित, हरेंद्र, लवकुश त्यागी, संजय समेत अन्य लोग मौजूद रहे।