पिता पुत्र से बदमाशों ने 48 हजार लूटे
गढ़मुक्तेश्वर। नेशनल हाईवे पर बाइक पर सवार होकर मंडी जा रहे आढ़ती पिता पुत्र से बाइक सवार तीन बदमाशों ने तमंचे से हवाई फायर कर हजारों की नकदी लूट ली और भाग निकले। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। पांच दिनों में दूसरी लूट की घटना से पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए व्यापारियों ने लूट का खुलासा करने की मांग उठाई है। एक सप्ताह में दोनों घटनाओं का खुलासा नहीं होने पर व्यापार मंडल ने कोतवाली का घेराव कर आंदोलन की चेतावनी दी है।
गढ़ नगर के होली मोहल्ला निवासी शशांक बंसल ने कोतवाली में तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। जिसमें बताया कि वह और उसका पिता सब्जी आढ़ती हैं। वह अपने पिता अनिल बंसल के साथ रोजाना की तरह बाइक पर सवार होकर बुधवार तड़के करीब साढ़े चार बजे नेशनल हाईवे पर स्थित उपकृषि मंडी जा रहे थे। जैसे ही वह गढ़ में नेशनल हाईवे पर स्याना ओवरब्रिज के पास पहुंचे तो पीछे से तेज रफ्तार बाइक ने ओवरटेक कर उनकी बाइक में साइड मार दी। जिससे उनकी बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई और दोनों सड़क किनारे गिर गए। शशांक ने बताया कि इसके बाद बाइक सवार तीन बदमाशों ने उनके हाथ से बैग छीन लिया। जिसमें 48 हजार रुपये की नकदी और जरुरी दस्तावेज थे। विरोध करने पर बदमाशों ने तमंचे से फायर कर मौके से भाग गए। शशांक ने बताया कि जब उसने भाग रहे बदमाशों पर ईंट फेंकी, तो उन्होंने दो बार और हवाई फायरिंग की। बदमाशों के जाने के बाद उन्होंने व्यापारियों और परिजनों समेत पुलिस को घटना की सूचना दी।
एसएसआई केपी सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है, पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है, जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।