बहादुरगढ़ क्षेत्र में मिट्टी खनन कर रही जेसीबी।
- फोटो : GARH
बहादुरगढ़ में अवैध खनन करती जेसीबी की जब्त
गढ़मुक्तेश्वर। बहादुरगढ़ क्षेत्र में अवैध मिट्टी खनन की सूचना पर मौके पर पहुंची राजस्व विभाग की टीम ने जेसीबी को कब्जे में ले लिया। जबकि ट्रैक्टर-ट्राली व चालक मौके से फरार हो गए।
एसडीएम विजयवर्धन तोमर ने बताया कि रविवार को बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव सिकंदरपुर में जेसीबी और ट्रैक्टर-ट्राली द्वारा अवैध मिट्टी खनन की सूचना मिली। जिसके चलते उन्होंने नायब तहसीलदार को मौके पर पहुंचकर जांच के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि मौके पर पहुंचे नायब तहसीलदार नितिन कुमार समेत राजस्व विभाग की टीम को देखकर खनन कार्य में लगे लोग ट्रैक्टर-ट्राली समेत फरार हो गए। लेकिन टीम ने मौके से एक जेसीबी को कब्जे में ले लिया। एसडीएम ने बताया कि जेसीबी को बहादुरगढ़ पुलिस की सुपुर्दगी में दे दिया है। वहीं इस संबंध में तहसीलदार सुरेंद्र सिंह ने बताया कि अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व को पत्र भेजकर खनन अधिकारी/निरीक्षक द्वारा जांच कर कार्रवाई के लिए लिखा है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में अवैध रुप से मिट्टी और रेत खनन नहीं होने दिया जाएगा।