लॉकडाउन में रोडवेज बसों का संचालन करने वालों को किया सम्मानित
गढ़मुक्तेश्वर। लॉकडाउन के बीच कोरोना योद्धा बनकर सड़कों पर फंसे हजारों श्रमिकों को उनके घरों तक पहुंचाने वाले रोडवेज के चालक और परिचालकों को एआरएम ने सम्मानित कर उनका मनोबल बढ़ाया।
शुक्रवार को गढ़ रोडवेज बस डिपो के एआरएम रंजीत सिंह ने चालक परिचालकों समेत रोडवेज के सभी कर्मचारियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि लॉकडाउन कठिन समय रहा था, जिसमें हमारे चालक-परिचालक, डिपो स्टॉफ, स्टेशन स्टॉफ समेत अन्य सभी फील्ड अधिकारियों ने गंभीर परिस्थितियों में जिला प्रशासन के अनुरोध पर तत्काल आवश्यकता के रूप में बसों का संचालन कराया। जिसमें बाहरी राज्यों और जनपदों से आने वाले श्रमिकों को उनके घर तक पहुंचाने का कार्य किया गया। इन सभी अच्छी गतिविधयों को देख यूपी परिवहन निगम के उच्चाधिकारियों ने उनके इस जज्बे को सलाम कर सराहना की है।
उन्होंने डिपो से बसों का संचालन करने वाले चालक-परिचालक समेत अन्य कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। एआरएम ने बताया कि शासन की ओर से लॉकडाउन में बसों का संचालन करने वाले चालक और परिचालकों को प्रतिदिन के हिसाब से तीन सौ रुपये अतिरिक्त राशि भी दी प्रदान की जा रही है। इस मौके पर अनिल कुमार, मदन मोहन, अवतार सिंह, बच्चू सिंह, राजकुमार, लेखाकार, राजेंद्र कुमार, ओमपाल, इमरान समेत अन्य को सम्मानित किया गया।