दो मेडिकल स्टोर संचालकों में कोरोना की पुष्टि से हड़कं प
गढ़मुक्तेश्वर। गढ़ नगर में दो मेडिकल स्टोर संचालकों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि के बाद क्षेत्र में हड़कंप का माहौल बना हुआ है। प्रशासन ने 750 मीटर का एरिया सील कर सैनिटाइजेशन का काम शुरू करा दिया है। वहीं दोनों संक्रमितों को आइसोलेशन सेंटर भेजा गया है।
एसडीएम विजयवर्धन तोमर और सीएचसी अधीक्षक डॉ. दिनेश भारती ने बताया कि शासन और उच्चाधिकारियों के निर्देश पर गढ़ नगर से मेडिकल स्टोर संचालकों के सैंपल लेकर कोरोना जांच के लिए भेजे गए थे। उन्होंने बताया कि 40 सैंपलों में से दो लोगों में मंगलवार को कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। दोनों ही मेडिकल स्टोर संचालक हैं। जो गढ़ नगर निवासी है। मेडिकल स्टोर संचालकों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि के बाद उन्हें आइसोलेशन सेंटर भेज दिया गया है। वहीं संक्रमित क्षेत्र से 750 मीटर रेडियस का क्षेत्र पूरी तरह सील करते हुए सैनिटाइजेशन कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि दोनों मेडिकल स्टोर संचालकों के परिजनों को भी नगर के क्वारंटीन सेंटर भेज दिया गया है। सील किए गए क्षेत्र में सभी तरह की गतिविधियों पर पाबंदी लगाते हुए सभी लोगों को अपने-अपने घरों में रहने की हिदायत दी गई है। सील क्षेत्र में आवश्यक वस्तुओं की होम डिलीवरी की व्यवस्था की जा रही है। वहीं संक्रमित व्यक्तियों के संपर्क में आने वाले लोगों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।