युवक को मारपीट कर घायल किया, मेरठ रेफर
गढ़मुक्तेश्वर। नगर के एक मोहल्ले में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक ने अपने साथियों के साथ घर में घुसकर दूसरे युवक से मारपीट कर दी, वहीं मोहल्ले में पथराव और हवाई फायरिंग होने से लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। गंभीर चोट आने पर घायल को मेरठ रेफर कर दिया गया है।
गढ़ के मोहल्ला राजीव नगर निवासी अमनदीप ने बताया कई माह पहले गली के युवकों का आपस में विवाद हुआ था। तभी से दूसरे पक्ष के लोग उससे और उसके परिजनों से रंजिश मानते चले आ रहे है। बताया कि बुधवार को दूसरे पक्ष के युवक उसके घर के बाहर खड़े होकर गाली-गलौज करने लगे। वहीं मना करने पर मारपीट शुरू कर दी और हवाई फायरिंग करते हुए उनके घर पर पथराव भी किया। इतना ही नहीं आरोपियों ने घर में घुसकर सनी को मारपीट कर घायल कर दिया।
एसआई प्रीतम सिंह का कहना है कि घायल को उपचार के लिए मेरठ भेज दिया गया है। घटना के संबंध में कोई तहरीर नहीं मिली है। बताया कि प्रथम दृष्टया फायरिंग का कोई मामला प्रकाश में नहीं आया है। मामले की जांच की जा रही है।