अस्पताल की ऊपरी मंजिल से कूदकर मरीज ने दी जान
गढ़मुक्तेश्वर। नोएडा के एक निजी अस्पताल में इलाज करा रहे बहादुरगढ़ के गांव आलमनगर निवासी एक भजन गायक ने शनिवार की देर शाम अस्पताल के ऊपरी मंजिल से कूदकर जान दे दी। इसकी जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों के मुताबिक, अस्पताल में उपचार के लिए चिकित्सकों ने करीब 25 लाख रुपये खर्च बताया था, जिसको लेकर वह मानसिक रूप से परेशान हो गया था। नोएडा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस मामले में मृतक के भाई ने अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ तहरीर दी है।
बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव आलमनगर निवासी भीम सेन (45) पुत्र पूरन सिंह भजन गायकी का काम करते थे। उनके भाई सतपाल ने बताया कि भीम सेन गंभीर बीमारी से पीड़ित चल रहे थे। 14 फरवरी को उसे नोएडा स्थित एक निजी हास्पिटल में भर्ती कराया गया था। उन्होंने बताया कि भीम सेन की तबीयत बिगड़ते देख वहां के चिकित्सकों ने उपचार में करीब 25 लाख रुपये का खर्च बता दिया। सतपाल ने बताया कि अस्पताल के कर्मचारियों ने रुपये एडवांस में जमा कराने के बाद ही आगे का उपचार शुरू करने की बात कही। इस बात की भनक बीमारी से पीड़ित चल रहे भीम सेन को लग गई। जिससे वह मानसिक रूप से परेशान हो गया। शनिवार की देर शाम उसने अस्पताल की ऊपरी मंजिल पर पहुंचकर छलांग लगा दी। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसकी सूचना मिलते ही अस्पताल प्रबंधन, चिकित्सकों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। वहीं, मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया, जिन्होंने अस्पताल परिसर में हंगामा करते हुए प्रबंधन और चिकित्सकों के खिलाफ नारेबाजी की। इसी बीच सूचना मिलते ही नोएडा पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के भाई सतपाल ने बताया कि मृतक के तीन बेटे और एक बेटी है। वहीं पत्नी सोमवती का रो-रोकर बुरा हाल है।