फ ोन पर बात कर रहा युवक ट्रेन की चपेट में आया, मौत
गढ़मुक्तेश्वर। गढ़ क्षेत्र में स्याना फाटक पर फोन पर बात करते हुए रेलवे ट्रैक पार कर रहा युवक ट्रेन की चपेट में आ गया, जिसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जनपद मेरठ के किठौर क्षेत्र के गांव छुछाई निवासी श्याम सुंदर (22 वर्ष) मंगलवार को किसी काम से गढ़ क्षेत्र में आया था। स्याना रोड स्थित रेलवे फाटक ट्रेन आने के दौरान बंद था। इस दौरान श्याम सुंदर सवारी से उतर कर पैदल ही रेलवे ट्रैक पार करने लगा। इस दौरान सामने से आ रही ट्रेन की तरफ उसने ध्यान नहीं दिया। युवक फोन पर किसी से बात कर रहा था। दिल्ली की तरफ से आ रही ट्रेन को देखकर वहां मौजूद लोगों ने शोर मचाया। लेकिन फोन पर बातों में मशगूल युवक न तो लोगों की आवाज सुन पाया और न ही ट्रेन की। तेज रफ्तार ट्रेन ने युवक को अपनी चपेट में ले लिया। युवक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद जीआरपी और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर तलाशी ली। मृतक के फोन पर जानकारी करने के बाद उसकी शिनाख्त हुई तथा उसके परिजनों को सूचना दी। वहीं पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इंस्पेक्टर राजपाल तोमर ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
नौ दिन पहले भी हो चुकी है घटना, नहीं सुधर रहे लोग
तीन फरवरी को क्षेत्र के गांव बिहूनी निवासी रणधीर का 24 वर्षीय बेटा बंटी किसी काम से गढ़ आया था। जो इंदिरा कॉलोनी के निकट रेलवे ट्रैक पार कर अपने साथी के साथ दूसरी तरफ जा रहा था। रेलवे ट्रेक पार करने के दौरान बंटी ने भी अपने कानों में मोबाइल फोन की लीड लगा रखी थी। जिससे वह मुरादाबाद की तरफ से आ रही ट्रेन की आवाज नहीं सुन पाया और ट्रेन की चपेट में आया गया। बंटी की भी मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं आए दिन कानों में लीड लगाकर चलने और मोबाइल पर बात करने के दौरान रेलवे लाइन और सड़क पार करने पर हादसे होते रहते हैं, इसके बावजूद भी लोग अपनी आदत सुधारने के लिए तैयार नहीं हैं।