गंगा को स्वच्छ किए बिना देश का विकास संभव नहीं : दिनेश शर्मा
गढ़मुक्तेश्वर। गंगा यात्रा के दौरान प्रदेश के उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने कहा कि गंगा को स्वच्छ किए बिना देश का विकास संभव नहीं है। यात्रा का मकसद गंगा को स्वच्छ बनाने के लिए लोगों को जागरूक करना है। कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक डॉ. कमल सिंह मलिक और संचालन पोस्टमास्टर अरूण मोहन ने किया।
गंगा नगरी ब्रजघाट में लोगों को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि गंगा भारत देश की प्रमुख नदियों में से एक है। जो लोगों की आस्था का प्रतीक होने के साथ ही देश की अर्थव्यवस्था का एक आधार भी है। गंगा समेत नदियों को स्वच्छ, निर्मल और अविरल होना बेहद जरूरी है। नदियों के स्वच्छ हुए बिना देश का विकास पूरी तरह संभव नहीं है। उन्होेंने कहा कि जिस तरह केंद्र और प्रदेश सरकार के आह्वान पर हिंदु, मुस्लिम, सिक्ख, ईसाई समेत सभी जाति और धर्मों के लोग गंगा को अविरल बनाने में जुटे हुए हैं, वह सराहनीय कदम है। बिना जनसहयोग किसी भी सरकार का कोई भी कार्यक्रम सफल होना मुमकिन नहीं है।
उन्होंने कहा कि देश के सभी गांवों, कस्बों को खुले में शौच मुक्त बनाना शासन की प्राथमिकता में शामिल है। केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत गंगा के तटों पर स्थित लगभग सभी गांव और कस्बे ओडीएफ हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि सभी गांवों-कस्बों में कूड़े का सुनियोजित ढंग से प्रबंधन भी किया जा रहा है, जिसके लिए भी लोगों का जागरूक होना आवश्यक है।
डिप्टी सीएम ने कहा कि शहरों का गंदा पानी गंगा में डाले जाने से रोकने के लिए वाटर ट्रीटमेंट प्लांट लगाए जा रहे हैं, केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा गंगा को उसका पुराना स्वरूप प्रदान करने का पूरा प्रयास किया जा रहा है। 2014 से पहले मॉरीशस के प्रधानमंत्री प्रयागराज आए थे, जो गंगा में आचमन किए बिना ही लौट गए थे। लेकिन अब मॉरीशस के प्रधानमंत्री ने प्रयागराज पहुंच कर गंगा स्नान किया। इससे साफ जाहिर है, कि केंद्र और प्रदेश सरकारें अपने अभियान में सफल हो रहीं हैं। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत स्तर पर खेल के मैदान बनाए जा रहे हैं, ताकि गांव के बच्चे खेलकूद की प्रतिभा को निखार सकें।
डिप्टी सीएम ने तट पर मौजूद लोगों को सरकार द्वारा चलाए जा रहे गंगा स्वच्छता अभियान में सहयोग देने और गंगा को निर्मल बनाने, जैविक खेती अपनाने और पॉलीथिन मुक्त भारत बनाने की की शपथ भी दिलाई।
केंद्रीय मंत्री जरनल वीके सिंह ने कहा कि यह कार्यक्रम लोगों में गंगा स्वच्छता के लिए एक नई ऊर्जा जगाने के लिए चलाया जा रहा है। ताकि गंगा गोमुख से गंगा सागर तक निर्मल और स्वच्छ दिखाई दे। उन्होंने कहा कि गंगा जल को पूजा घर में स्थान दिया जाता है। उन्होंने सभी लोगों से अपील करते हुए कहा कि गंगा में गंदगी न डालें, इसे अविरल और स्वच्छ बनाए रखने में शासन का सहयोग करने का भी आह्वान उन्होंने किया।
ग्राम्य विकास मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा कि गंगा को साफ करने के लिए जाति प्रथा को छोड़कर सभी लोग एकजुट होकर प्रयास कर रहे हैं। मोदी का गंगा को स्वच्छ करने के अभियान के नतीजे अब दिखाई देने लगे हैं। उन्होंने कहा कि प्रयागराज में महाकुंभ का आयोजन किया जा रहा है। पहले श्रद्धालु गंगा में आचमन करने से भी डरते थे, लेकिन अब निसंकोच होकर गंगा स्नान का पुण्य अर्जित कर रहे हैं। यदि सभी लोग मिलकर ठान लें, तो गंगा का पूरी तरह स्वच्छ और निर्मल होने का सपना साकार होना दूर नहीं है।
क्षेत्रीय विधायक डॉ. कमल सिंह मलिक ने भी सभी लोगों से केंद्र और प्रदेश सरकार के अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।
इस मौके पर डीएम अदिति सिंह, एसपी संजीव सुमन, एडीएम जयनाथ यादव, एएसपी सर्वेश मिश्रा, सीडीओ उदय सिंह, डीआईओएस निशा अस्थाना, क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी अंजू चौधरी, बीएसए देवेंद्र गुप्ता, एसडीएम विजयवर्धन तोमर, सीओ डॉ. तेजवीर सिंह, बीईओ पंकज अग्रवाल, मोहम्मद राशिद समेत सभी विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
इस मौके पर राज्य सभा सांसद कांता कर्दम, पूर्व विधायक कृष्णवीर सिरोही, प्रवीण सेठी, पंडित सुनील भराला, डॉ. हरेंद्र सिंह, हरिराज सिंह, धनौरा विधायक राजीव तरारा, आशीष शर्मा, अशोक शर्मा, प्रदीप भाटी, भारत भूषण गर्ग, इकबाल अहमद, इदरीश खां, मेजर भीष्म त्यागी, संजीव त्यागी, परवेज चौधरी, अंकुर त्यागी, राजेश अधाना, संदीप तंवर, अशोक पहलवान, कुलदीप गोयल, मोहित गुप्ता, कमल त्यागी, विनय त्यागी, राजू भैया, महेेंद्र चौहान, सुमन प्रकाश त्यागी, पूर्व चेयरमैन रामौतार राजौरा, विनय मिश्रा, गौरव मिश्रा, ब्रह्मनंद प्रजापति, दीपक शर्मा, पिंकी त्यागी, हरेंद्र चौधरी, राकेश बजरंगी, बॉबी अग्रवाल, सतनाम यादव, राजबल गुर्जर, राबमीर पावटी, सरदार सुरेंद्र सिंह, मनोज प्रजापति, डॉ. शेर सिंह, कपिल नागर, धर्म सिंह, अजय दादू समेत हजारों लोग मौजूद रहे।
स्वयं सहायता समूहों को भेंट किया चेक
कार्यक्रम के दौरान डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए योजनाएं चलाई जा रहीं है। जिनमें से एक स्वयं सहायता समूह का गठन कर कुटीर उद्योग लगाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। डिप्टी सीएम ने पांच स्वयं समूहों की महिलाओं को 19 लाख 30 हजार रुपये का चैक भी भेंट किया।