गंगानगरी में आज पहुंचेगी गंगा यात्रा, तैयारियां पूरी
गढ़मुक्तेश्वर। बिजनौर से आरंभ हुई गंगा यात्रा आज गंगानगरी गढ़-ब्रजघाट पहुंचेगी। यात्रा को लेकर जनपद समेत स्थानीय पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों ने गंगानगरी में डेरा डाला हुआ है। यात्रा में वाहनों के काफिले में प्रदेश के डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा समेत कई केंद्रीय और प्रदेश सरकार के मंत्री भी मौजूद रहेंगे। जिसे लेकर भाजपा कार्यकर्ता भी जोरदार स्वागत करने की तैयारियों में जुटे हुए हैं।
सीएम योगी आदित्यानाथ ने 27 जनवरी गंगा को गंगा को स्वच्छ और निर्मल बनाने के उद्देश्य से गंगा यात्रा को बिजनौर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मंगलवार को गंगा यात्रा जनपद मेरठ के हस्तिनापुर से होकर गढ़ क्षेत्र के गांव नानपुर पहुंचेगी। जहां जनपद के प्रभारी मंत्री संदीप कुमार और जिलाध्यक्ष उमेश राणा गढ़ सैकड़ों भाजपाइयों के साथ गंगा यात्रा का स्वागत करेंगे। मेरठ रोड पर गंगा यात्रा में काफिले में डिप्टी सीएम भी शामिल रहेंगे। जिसके बाद गंगा यात्रा गढ़ चौपला पर पहुंचेगी, जहां से पुष्प वर्षा के बीच यात्रा ब्रजघाट के लिए रवाना हो जाएगी। जिलाध्यक्ष उमेश राणा ने बताया कि इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य गंगा को निर्मल और शुद्ध बनाने के लिए लोगों को जागरूक करना है। उन्होंने बताया कि गंगा यात्रा गढ़ चौपला के बाद ब्रजघाट में पहुंचेगी, जहां डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा समेत यात्रा में शामिल लोगों द्वारा गंगा आरती की जाएगी। उसके बाद गंगा घाट किनारे बने प्लेटफार्म पर बनाए गए सभा स्थल पर पहुंचकर निर्मल गंगा से जुड़े कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। वहीं डिप्टी सीएम भी लोगों को संबोधित करेंगे।
अधिकारियों ने तैयारियों का लिया जाएजा, दिए दिशा-निर्देश
- गंगा यात्रा को लेकर सोमवार को डीएम अदिति सिंह और एसपी संजीव सुमन ने ब्रजघाट पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। डीएम ने गंगा तट पर बने सभा स्थल पर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने सभा स्थल पर मंच और आरती स्थल का भी मुआयना किया। जिसमें कुछ खामियां मिलने पर अधिकारियों को दिशा निर्देश देकर सही कराया गया। वहीं उन्होंने गंगा स्वच्छता के लिए हो रहे सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लेने वाले छात्रों के रिर्हसल के बारे में जानकारी ली। डीएम ने सख्ती से निर्देश देते हुए कहा कि कार्यक्रम मे किसी भी तरह की कोई परेशानी न बने, जिससे सभा में आने वाले वीआईपी समेत कार्यकर्ताओं को किसी भी तरह की दिक्कत का सामना न करना पड़े।
पुलिसकर्मियों को गंगा यात्रा की दी जानकारी
- एसपी संजीव सुमन ने सोमवार को सभा स्थल पर पहुंचकर पुलिसकर्मियों के साथ बैठक की। बैठक में पुलिसकर्मियों को गंगा यात्रा को लेकर जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि यात्रा में शामिल होने वाले लोगों पर पुलिस की पैनी नजर होनी चाहिए। वहीं उन्होंने पुलिसकर्मियों को समय पर अपने ड्यूटी प्वाइंट पर पहुंचने और सही ढंग में ड्यूटी निभाने का भी निर्देश दिया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था में चूक होने पर थानाध्यक्ष की जवाबदेही भी तय की।
इस मौके पर सीडीओ उदय सिंह, एडीएम जयनाथ यादव, एएसपी सर्वेश मिश्रा, डीआईओएस निशा अस्थाना, सीएमओ रेखा शर्मा, बीएसए देवेंद्र गुप्ता, एसडीएम विजयवर्धन तोमर, एसडीएम हापुड़ सत्यप्रकाश, सीओ डॉ.तेजवीर सिंह, अशोक शुक्ल, इंस्पेक्टर राजपाल सिंह तोमर, मुकेश कुमार, सुनील कुमार समेत सैकड़ों पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
चेयरमैन सोना सिंह ने किया निरीक्षण
- गढ़ नगर पालिका चेयरमैन सोना सिंह ने सोमवार को ब्रजघाट पहुंचकर गंगा तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि पालिका क्षेत्र के अंतर्गत साफ सफाई दुरुस्त कराते हुए घाटों पर शौचालय, गंगा तट की सफाई करा दी है, इसके अलावा संपर्क मार्गों पर सफाई करा दी गई है।
पार्किंग से आगे नहीं पहुंचेगी बिना पास की कार
- एसपी संजीव सुमन ने पुलिस टीम को सख्ती से निर्देश दिया है कि गंगा यात्रा में शामिल होने वाले वाहनों को ही गंगा तट तक भेजा जाएगा, इसके अलावा जिन कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के पास नहीं होंगे वह पार्किंग में अपनी कार खड़ी करेंगे।
डिप्टी सीएम को दिया जाएगा रिंग प्रोटेक्शन
- गंगा यात्रा में भारी संख्या में कार्यकर्ताओं के पहुंचने की उम्मीद है। भारी भीड़ के चलते धक्कामुक्की और अफरातफरी से बचाने के लिए पुलिस डिप्टी सीएम समेत अन्य वीआईपी लोगों को रिंग प्रोटेक्शन देगी। जिससे उन्हें बिना किसी परेशानी कार्यक्रम स्थल तक पहुंचाया जा सके।
सुरक्षा व्यवस्था में चार सौ पुलिसकर्मी रहेंगे तैनात
- एसपी संजीव सुमन ने बताया कि गंगा यात्रा को लेकर विभिन्न मार्गों समेत करीब चार सौ पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। वहीं मेटल डिटेक्टर द्वारा सभा स्थल पर पहुंचने वाले लोगों की जांच भी होगी। इसके अलावा सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी भी कार्यक्रम स्थल के आसपास मौजूद रहेंगे। जिससे सुरक्षा में कोई चूक न हो जाए।