भाकियू ने एक्सईएन कार्यालय पर जड़ा ताला
गढ़मुक्तेश्वर। किसानों के उत्पीड़न के विरोध में भाकियू कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को पावर कॉरपोरेशन के एक्सईएन कार्यालय पर धरना प्रदर्शन किया। किसी अधिकारी के मौके पर न पहुंचने से गुस्साए कार्यकर्ताओं ने एक्सईएन कार्यालय पर ताला जड़ दिया। कार्यकर्ताओं ने उपैड़ा व दत्तियाना बिजलीघर पर तैनात अवर अभियंताओं को हटाने की मांग की।
शुक्रवार को स्याना रोड स्थित भाकियू के कैंप कार्यालय पर मासिक पंचायत हुई जिसमें किसानों की समस्याओं पर चर्चा हुई। जिसकी अध्यक्षता रतीराम सिंह और संचालन जिला महासचिव दिनेश त्यागी ने किया। मंडल प्रवक्ता दिनेश खेड़ा ने कहा कि सिंभावली समेत ब्रजनाथपुर शुगर मिलों पर किसानों का करोड़ो रुपया गन्ना भुगतान का बकाया चल रहा है। जिसके चलते अन्नदाता और उनके परिवारों को आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ रहा है। इसके बावजूद बिजली निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा किसानों और उपभोक्ताओं का खुलेआम उत्पीड़न किया जा रहा है। किसानों पर बिजली चोरी के फर्जी मुकदमे लगाए जा रहे हैं। कनेक्शन काटने और जोड़ने के नाम पर विभाग के अधिकारी और कर्मचारी अवैध वसूली में लगे हुए हैं। जिसे भाकियू किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। पंचायत में सर्व सम्मति से बिजली निगम के एक्सईएन कार्यालय के घेराव पर सहमति बनी।
जिसके बाद मंडल प्रवक्ता दिनेश खेड़ा, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष बबली सिंह, जिला उपाध्यक्ष संदीप चौधरी और राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य सरदार कुंवर सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों किसान और कार्यकर्ता एक्सईएन कार्यालय पर पहुंच गए। जहां बिजली निगम के कार्यालय का घेराव कर जमकर नारेबाजी भी हुई। लेकिन किसी भी अधिकारी के वार्ता करने के लिए नहीं पहुंचने पर कार्यकर्ताओं में आक्रोश बढ़ गया। जिन्होंने निगम के कार्यालय में तालाबंदी करते हुए अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। तहसील अध्यक्ष श्यामसुंदर त्यागी ने बताया कि क्षेत्र में जर्जर तार, क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मर नहीं बदले जा रहे हैं। वहीं किसानों का उत्पीड़न हो रहा है। दिनेश खेड़ा ने कहा कि उपैडा और दत्तियाना फीडर तैनात जेई मुकेश, राम स्वरूप के नहीं हटाए जाने तक धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा।
इस मौके पर नत्थी सिंह सैनी, ठाकुर चंद्रपाल सिंह, कुवंरपाल सिंह गुर्जर, राजकुमार पाल, नीरज तोमर, कपिल त्यागी, मुबारक खां, शाकिर खान, राजू ठाकुर, कैप्टन राजेश चौधरी, पीके वर्मा, टीटू जाटव, फैजान, हाजी आरिफ, परवेज खां, विनोद त्यागी, कन्हैयालाल, टीटू त्यागी, सुधीर कुमार, गुलजार खां, शुभम चौधरी, जिया परवेज, चंद्रावती देवी, राकेश देवी समेत सैकड़ों किसान और कार्यकर्ता मौजूद रहे।