पालिका ने साप्ताहिक बाजार से अतिक्रमण हटवाया
गढ़मुक्तेश्वर। पालिका ने साप्ताहिक बाजार से अतिक्रमण हटवाया। आवागमन सुचारू होने से लोगों को भारी राहत मिली है। जिन्होंने पालिका-प्रशासन की सराहना भी की है।
गढ़ नगर में पुराने अस्पताल से लेकर सुभाष चौक, कबीरदास चौक तक प्रत्येक रविवार को साप्ताहिक बाजार लगाया जाता है। जिसमें सब्जी, फलों से लेकर मसाले, कपड़े, जूते-चप्पलों समेत घरेलू उपयोग में आने वाली तमाम वस्तुएं बाजार से सस्ते दामों पर उपलब्ध होती हैं, जिसके चलते साप्ताहिक बाजार में गढ़ नगर, चौपला समेत आसपास के दर्जनों गांवों के लोग जमकर खरीदारी करते हैं। जिसके चलते साप्ताहिक बाजार में लोगों की भारी भीड़ उमड़ती है। वहीं बाजार में आने वाले दुकानदार सड़क के दोनों तरफ के साथ ही डिवाइडर के दोनों तरफ भी अपनी अस्थाई दुकानें लगा लेते हैं। लोगों की भारी भीड़ और रास्ता संकरा होने से रविवार को साप्ताहिक बाजार के बीच कार तो दूर की बात लोगों का पैदल निकलना भी मुहाल हो जाता है। ऐसे में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। वहीं भीड़ भाड़ और अव्यवस्था के चलते जेबकतरों का आतंक बना रहता है।
लोगों की परेशानी को देखते हुए पालिका ईओ/एसडीएम विजयवर्धन तोमर और चेयरमैन सोना सिंह ने कर्मचारियों को साप्ताहिक बाजार से अतिक्रमण हटवाने और बाजार को सुव्यवस्थित तरीके से लगाने का निर्देश दिया था। अधिकारियों के निर्देश के चलते रविवार को पालिका कर्मचारी पुलिस बल को साथ लेकर साप्ताहिक बाजार में पहुंच गए। जिन्होंने डिवाइडर के बीच अस्थाई दुकानें लगाने की तैयारी कर रहे दुकानदारों को रोक दिया। जिन्हें अपनी-अपनी दुकाने सड़क किनारे लगाने का निर्देश दिया। साप्ताहिक बाजार सुव्यवस्थित तरीके से लगने पर सड़क मार्ग चौड़ा हो गया। जिससे आवागमन सुचारू होने से लोगों को काफी राहत मिली है। विजय सिंघल, योगेश शर्मा, तरूण शर्मा, अलीमुद्दीन, डॉ. हर्षवर्धन शर्मा, राजू गुप्ता, आदेश गुप्ता, योगेश वर्मा, कुलदीप, अनिल कुमार, कमलदीप, विपिन समेत स्थानीय लोगों ने साप्ताहिक बाजार सुव्यवस्थित तरीके से लगाए जाने पर पुलिस-प्रशासन की सराहना की है। एसडीएम विजयवर्धन तोमर का कहना है कि साप्ताहिक बाजार सुव्यवस्थित तरीके से ही लगवाया जाएगा। वहीं आगामी रविवार से उक्त सड़क पर भारी वाहनों का आवागमन भी बंद करा दिया जाएगा।