लापता छात्र सकुशल बरामद, परिजनों को सौंपा
गढ़मुक्तेश्वर। पिता की डांट सुनकर घर से निकले छात्र को पुलिस ने सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया।
गढ़ नगर निवासी बाबूराम ने अपने बेटे दीपक को शुक्रवार को किसी बात पर डांट फटकार दिया। जिसके बाद स्कूल के लिए गया दीपक घर वापस नही लौटा। परिजनों ने उसे हर संभावित स्थान पर तलाश किया, लेकिन छात्र का कुछ भी पता नहीं चल सका। जिसके बाद परिजनों ने गढ़ कोतवाली में तहरीर देकर छात्र की सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई थी। छात्र के लापता होने की सूचना मिलने के बाद पुलिस उसकी तलाश में जुट गई। इंस्पेक्टर राजपाल सिंह तोमर ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर लापता छात्र को ब्रजघाट से बरामद कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि भविष्य में इस तरह की गलती न करने की हिदायत देते हुए छात्र को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।