पड़ोसी ने घर में घुसकर युवती से दुष्कर्म की कोशिश की
गढ़मुक्तेश्वर। सिंभावली क्षेत्र के एक गांव में पड़ोसी युवक ने घर में घुसकर युवती से दुष्कर्म की कोशिश की। युवती के शोर मचाने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकला। पीड़िता ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
सिंभावली क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली एक युवती ने रविवार को थाने में तहरीर दी है। जिसका कहना है शनिवार की रात वह अपने घर में अकेली थी। इसी दौरान गांव का ही रहने वाला एक युवक उसके घर में घुस आया, जिसने अकेला पाकर उसके साथ दुष्कर्म की कोशिश की। विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। पीड़िता का कहना है कि शोर मचाने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकला। मौके पर पहुंचे परिजनों ने आनन-फानन में 100 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी युवक को हिरासत में भी ले लिया। वहीं पीड़िता ने आरोपी को नामजद करते हुए कार्रवाई की गुहार लगाई है।
इंस्पेक्टर राजेंद्र कुमार ओजस्वी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच चल रही है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।