छेड़छाड़ के विरोध पर पिता और भाई को पीटा
गढ़मुक्तेश्वर। युवती से छेड़छाड़ का विरोध करने पर ऑटो चालक और साथियों ने उसके पिता और भाई को मारपीट कर घायल कर दिया। पीड़ित पक्ष ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
गढ़ नगर निवासी एक व्यक्ति ने कोतवाली में तहरीर दी है, जिसमें उल्लेख किया है कि शुक्रवार को वह अपनी बेटी और बेटे को साथ लेकर किसी काम से गढ़ चौपला गया था। जहां से वापस लौटने के दौरान एक ऑटो चालक ने उसकी बेटी को साइड मार दी। जिसका विरोध करने पर आरोपी ने अभद्रता और छेड़छाड़ शुरू कर दी। हंगामा होने पर राहगीरों को आता देखकर आरोपी ऑटो समेत मौके से भाग निकला। पीड़ित का कहना है कि वह सड़क किनारे खड़ा होकर सवारी का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान आरोपी ऑटो चालक अपने साथियों को लेकर वहां पहुंच गया। जिन्होंने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने उसकी बेटी और बेटे से भी मारपीट की। जिससे वह तीनों घायल हो गए।
इंस्पेक्टर राजपाल सिंह तोमर ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामले की जांच करते हुए आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।