हत्या की कोशिश के मामले में तीन पर केस
गढ़मुक्तेश्वर। लोहे पर पेंट का काम करने वाले युवक की हत्या की कोशिश के मामले में बहादुरगढ़ पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
जनपद मेरठ के लिसाड़ी गेट क्षेत्र निवासी मोहम्मद अहमद ने बहादुरगढ़ थाने में तहरीर दी है, जिसमें उल्लेख किया है कि चार दिन पहले उसके एक साथी का फोन आया था। जिसने बड़ा काम दिलाने के बहाने उसे गढ़ क्षेत्र में बुला लिया। पीड़ित का कहना है कि बस से उतरने के बाद उसे उक्त युवक उसे मिला, जो अपने दो अन्य साथियों के साथ उसे बाइक पर बैठाकर एक गांव के जंगल में ले गया। जहां आरोपियों ने उससे दस लाख रुपये की मांग की। पैसे देने में असमर्थता जताने पर आरोपियों ने चाकू से वार कर उसे जान से मारने की कोशिश की। लेकिन आरोपियों के चंगुल से बचकर वह किसी तरह भाग निकला और पुलिस को सूचना दी। पीड़ित ने एक आरोपी को नामजद करते हुए तीन के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई है।
एसओ रवि रतन सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर जाहिद उर्फ मूसा समेत तीनों आरोपियों पर केस दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि दोनों के बीच पैसों का लेनदेन का मामला है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।