जर्जर तार टूटकर गिरने से गन्ने की फसल जली
गढ़मुक्तेश्वर। गांव बंगौली के जंगल में बिजली का जर्जर तार टूटकर गिरने से किसान की गन्ने की फसल जल गई। किसानों और ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
सिंभावली थाना क्षेत्र के गांव बंगौली निवासी किसान विजय सिंह ने बताया कि उसके खेत से बिजली निगम द्वारा नलकूप को सप्लाई दी हुई है, जो रमपुरा बिजलीघर से जुड़ी हुई है। शनिवार की सुबह जैसे ही बिजली आपूर्ति चालू हुई, तो जर्जर हालत में होने के चलते तार टूटकर उसके गन्ने के खेत में जा गिरा। जिससे निकली चिंगारी से उसकी फसल ने आग पकड़ ली। खेत से आग की लपट उठती देखकर आसपास के खेतों में काम कर रहे किसानों ने उसे सूचना दी। जिसके बाद वह परिजनों को लेकर खेतों पर पहुंचा। पीड़ित ने बताया कि ग्रामीणों और किसानों की मदद से करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक 10 बीघा फसल जल चुकी थी। पीड़ित ने घटना की सूचना रमपुरा बिजलीघर पर तैनात कर्मचारियों को दी है। जेई मुकेश कुमार का कहना है की मामला उनके संज्ञान में नहीं है, लेकिन जानकारी मिलने पर टीम भेजकर तारों को ठीक कराया जाएगा।