मुठभेड़ में बदमाश के पैर में गोली लगी
गढ़मुक्तेश्वर। सिंभावली क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में बदमाश के पैर में गोली लगी। पुलिस ने घायल बदमाश को अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस बदमाश की कुंडली खंगालने में जुट गई है।
सिंभावली थाना प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र कुमार ओजस्वी ने बताया कि शुक्रवार की देर शाम पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। गश्त के दौरान किठौर नहर पटरी पर बाइक से आ रहे एक युवक को रुकने का इशारा किया गया, तो युवक ने बाइक को गांव ढाना की तरफ घुमा लिया। संदेह होने पर पुलिस टीम ने युवक का पीछा किया, तो हड़बड़ाहट में ढाना मोड पर बाइक फिसल गई। जिसके बाद बदमाश ने बाइक छोड़कर भागते हुए पुलिस टीम पर तमंचे से फायर किया और खेतों में छिपकर भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने घेराबंदी करते हुए जवाबी फायरिंग की। जवाबी फायरिंग में बदमाश के पैर में गोली लगी और वह गिर पड़ा। जिसके बाद टीम ने उसे दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम गुफरान निवासी गांव मुरादपुर बताया है। जिसके पास एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस, खोखा और बाइक बरामद हुई है।
इंस्पेक्टर ने बताया कि घायल बदमाश को सिंभावली पीएचसी में भर्ती कराया गया है। जिससे बरामद बाइक, तमंचा और कारतूस को कब्जे में ले लिया गया है। गुफरान के अपराधिक इतिहास की जानकारी की जा रही है।