फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नीति आयोग के उपाध्यक्ष का ब्रजघाट आगमन हुआ

विज्ञापन
विज्ञापन
लोगों ने प्लास्टिक का प्रयोग न करने की ली शपथ
विज्ञापन

गढ़मुक्तेश्वर। नीति आयोग के उपाध्यक्ष राजीव कुमार रविवार सुबह करीब पौने आठ बजे गंगानगरी ब्रजघाट पहुंचे। यहां पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में अधिकारियों के साथ बैठक में उन्होंने जल संरक्षण के तहत चल रहे कार्यक्रमों के सही ढंग से क्रियान्वयन का निर्देश दिया। इसके बाद स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत राजीव कुमार ने अधिकारियों के साथ मिलकर श्रमदान किया। जिन्होंने गंगा तट पर कूड़ा एकत्र कर डस्टबिन में डाला। इस दौरान उन्होंने सभी लोगों से जीवन में स्वच्छता और सफाई को अपनाने का भी आह्वान किया। उन्होंने कहा कि साफ-सफाई मानव जीवन के लिए बहुत आवश्यक है। अपने आसपास फैली गंदगी को दूर कर सभी लोगों को देश को स्वच्छ बनाने में योगदान देना चाहिए। उन्होंने सभी को पर्यावरण और जल संरक्षण समेत स्वच्छता अभियान में भागीदारी निभाने के साथ ही सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग न करने की शपथ भी दिलाई।
पीएम मोदी के निर्देश पर स्वच्छ भारत मिशन के तहत चलाए जा रहे स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम के तहत रविवार को नीति आयोग के उपाध्यक्ष राजीव कुमार गंगानगरी ब्रजघाट पहुंचे। यहां मंडलायुक्त अनीता सी मेश्राम, डीएम अदिति सिंह और सीडीओ उदय सिंह ने उनका स्वागत किया। जिनके आगमन को लेकर सुबह से ही मंडल और जनपद स्तरीय अधिकारियों का पहुंचना शुरू हो गया था। राजीव कुमार गंगा किनारे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। जहां उन्होंने अधिकारियों समेत स्थानीय लोगों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी देश को स्वच्छ और सुंदर बनाने के साथ ही नदियों को भी निर्मल और अविरल बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं। जिसके तहत विभिन्न कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। उन्होंने जल-पर्यावरण संरक्षण, सिंगल यूज प्लास्टिक और पॉलीथिन का प्रयोग न करने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि यह समुदाय हमारा परिवार है, स्वच्छता को घरों के साथ ही समुदाय तक पहुंचाना जरूरी है। सिंगल यूज प्लास्टिक को जीवन और प्रकृति से दूर करने का आह्वान भी उन्होंने किया।
विज्ञापन

मंडलायुक्त अनीता मेश्राम ने कहा कि प्रकृति के साथ समन्वय कायम करने से ही विकास संभव है। उन्होंने कहा कि सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग नहीं रोका गया, तो यह आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहद हानिकारक साबित होगा। डीएम अदिति सिंह ने कहा कि प्लास्टिक और पॉलीथिन का प्रयोग मानव जीवन पर बुरा प्रभाव छोड़ रहा है। सिंगल यूज प्लास्टिक बहुत विषैला है, जो जीवन को बर्बाद कर सकता है।
--गंगा तट पर अतिक्रमण देख भड़क गए
ब्रजघाट गंगा तट पर सफाई अभियान के दौरान घाटों समेत सीढ़ियों पर अतिक्रमण देखकर नीति आयोग के उपाध्यक्ष भड़क उठे। उन्होंने डीएम अदिति सिंह को तत्काल प्रभाव से अतिक्रमण हटवाने और अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश दिया।
--पेंटिंग प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत किया
(फोटो 07)
ब्रजघाट के गांव बागड़पुर में स्थित राजकीय इंटर कॉलेज में स्वच्छता ही सेवा विषय पर जनपद स्तरीय पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें जनपद के दर्जनों स्कूल-कॉलेजों के छात्रों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में राजकीय इंटर कॉलेज की छात्रा आंचल प्रथम, राजकीय हाईस्कूल हिम्मतपुर की नीशू द्वितीय और राजकीय इंटर कॉलेज ब्रजघाट की खुशी को तीसरा स्थान मिला। गंगा तट पर आयोजित कार्यक्रम में राजीव कुमार ने तीनों विजेताओं को प्रशस्ति पत्र और प्रतीक चिन्ह देकर पुरस्कृत किया।
--विधायक ने गन्ना भुगतान की मांग उठाई
क्षेत्रीय विधायक डॉ. कमल सिंह मलिक ने नीति आयोग के समक्ष बकाया गन्ना भुगतान का मुद्दा उठाया। विधायक ने कहा कि जनपद की सिंभावली और ब्रजनाथपुर शुगर मिलों द्वारा किसानों का बकाया गन्ना भुगतान नहीं दिया जा रहा। जिसके चलते किसान आर्थिक तंगी में हैं। विधायक ने राजीव कुमार से बकाया गन्ना भुगतान जल्द कराकर किसानों की समस्या के समाधान की मांग की। इसके अलावा उन्होंने गंगा नगरी के समुचित विकास के साथ गंगा पर बांध बनाने, सेंट्रल यूनिवर्सिटी और मेट्रो ट्रेन चलाए जाने की भी मांग उनके समक्ष रखी। राजीव कुमार ने विधायक को जल्द गन्ना भुगतान कराए जाने के साथ ही क्षेत्र के विकास का भी आश्वासन दिया।
--अल्लाबख्शपुर के आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों को पोषाहार वितरित किया
--केक काटकर बच्चे का जन्मदिन मनाया
फोटो (08)
अधिकारियों के साथ बैठक के बाद राजीव कुमार गांव अल्लाबख्शपुर में स्थित आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचे। जहां उन्होंने छोटे-छोटे बच्चों को पोषाहार का वितरण किया। बच्चों को दलिया भी खिलाया। इसके अलावा प्रियांशु के जन्मदिन का केक काटकर दीर्घायु की कामना की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि सभी माताएं बच्चों को अपने दूध के साथ ही पौष्टिक आहार दें, ताकि बच्चे बीमारियों से दूर रहें और उनका सर्वोत्तम विकास हो सके। इस दौरान पांच गर्भवती महिलाओं की गोद भराई का कार्यक्रम भी हुआ।
विज्ञापन

इस मौके पर सीएमओ डॉ. राजवीर सिंह, एडीएम जयनाथ यादव, जल निगम प्रबंधक विक्रम बालियान, डीडीओ संजय यादव, एएसपी सर्वेश कुमार मिश्र, जिला पंचायत एएमओ प्रणव पांडे, डीपीआरओ यावर अब्बास, पालिका चेयरमैन सोना सिंह, सीओ अशोक शुक्ल, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता गीता देवी, कुसुम देवी, फराहिम प्रधान, हरीश नागर, विनय मिश्रा, दीपक गौड, मुकेश गुरु, देवी प्रसाद गौड़, भारत भूषण गर्ग, अरूण गौड, सतनाम यादव, महेश बंसल समेत सभी विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें