गांव बदरखा के तालाब पर गंदगी का अंबार, लोग परेशान
गढ़मुक्तेश्वर। गांव बदरखा में सफाई न होने से तालाब ओवरफ्लो हो गया है। इसके चलते गांव के मुख्य रास्ते पर जलभराव हो रहा है। जिसके चलते ग्रामीणों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
खासतौर पर पशुओं के लिए चारा लाने और खेतों के काम से जाने वाले किसानों को तो और भी अधिक परेशानी हो रही है। नासिर, शाहिद, समीर, जुनैद, वाहिद का कहना है कि मुख्य रास्ते और तालाब पर गंदगी होने के कारण आबादी का पानी सड़क पर भर गया है। जिससे सड़क भी तालाब बन चुकी है। आवागमन में परेशानी झेलने के साथ ही बदबू, मच्छर-मक्खियों का भी प्रकोप बढ़ रहा है। जिससे संक्रामक बीमारियों के फैलने का भी खतरा भी बढ़ रहा है। यदि जल्द गंदगी से अटे तालाब की सफाई नहीं हुई, तो परेशानी और भी बढ़ जाएगी। ग्रामीणों ने तालाब की सफाई न होने पर ब्लॉक का घेराव कर विरोध प्रदर्शन की भी चेतावनी दी है।
एडीओ पंचायत भानेश्वर यादव का कहना है कि ग्राम पंचायत को जल्द से जल्द तालाब की सफाई कराकर ग्रामीणों की समस्या का समाधान करने का निर्देश दिया गया है।