मिलावट की शिकायत पर पेट्रोल पंप पर मारा छापा
गढ़मुक्तेश्वर। घटतौली और मिलावटी खोरी की शिकायत पर बृहस्पतिवार को एसडीएम व मापतौल विभाग के अधिकारियों ने बहादुरगढ़ क्षेत्र के एक पेट्रोल पंप पर छापा मारा। पंप की मशीन व रीडिंग मीटर की जांच की गई। वहीं छापे की इस सूचना से अन्य पेट्रोल पंप संचालकों में हड़कंप मचा रहा।
बृहस्पतिवार की दोपहर एसडीएम विजयवर्धन तोमर, मापतौल विभाग के वरिष्ठ निरीक्षक ज्ञानप्रकाश द्विवेदी समेत आपूर्ति निरीक्षक कुंवर सिंह ने पंप पर पहुंचकर मशीन की जांच की। भारत पेट्रोलियम कंपनी के अधिकारी मोहित गर्ग ने बताया कि पेट्रोल पंप पर मिलवाटी तेल बेचने की शिकायत मिली थी, जिसको लेकर टीम के साथ पंप मशीनों के पल्सर, रिडिंग मीटर की जांच कराई गई। जिसकी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट सौंप दी जाएगी। प्रशासन समेत पेट्रोलियम कंपनी के अधिकारियों द्वारा की गई छापामार कार्रवाई से क्षेत्र के पेट्रोल पंप संचालकों में हड़कंप की स्थिति बनी रही।
एसडीएम विजयवर्धन तोमर ने बताया कि पेट्रोल पंप का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान गहनता से जांच की गई। मिलावट खोरी और घटतौली करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।