स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सीएमओ के नेतृत्व में छापामारी की
गढ़मुक्तेश्वर। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सीएमओ के नेतृत्व में छापामारी कर दो अल्ट्रा साउंड सेंटरों को बंद कराते हुए एक को कारण बताओ नोटिस जारी किया।
पूरी तरक रोक लगी होने के बाद भी आए दिन लिंग परीक्षण होने को लेकर होती आ रहीं शिकायतों के मद्देनजर प्रदेश शासन काफी गंभीरता से कदम उठा रहा है, जिसकी कड़ी हिदायत पर हरकत में आए स्वास्थ्य विभाग ने मंगलवार को सीएमओ डॉ.राजबीर सिंह के नेतृत्व में गढ़ चौपला पर छापामारी की। स्वास्थ्य विभाग की टीम में नोडल अधिकारी डॉ.रविंद्र सिंह, एआरओ आनंद यादव और पीसी पीएनडीटी के नोडल अधिकारी डॉ.दिनेश खत्री शामिल रहे। नोडल अधिकारी डॉ.रविंद्र सिंह ने बताया कि गढ़ चौपला के पुराने दिल्ली रोड पर महिला चिकित्सक के बिना अवैध रूप में एक चिकित्सक गर्भवती महिलाओं का परीक्षण करता मिला और एक महिला के नाम पर रजिस्ट्रेशन के बिना भी एक अन्य अल्ट्रा साउंड संचालित होता मिला है, जिन्हें तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया गया है। जबकि एक और अल्ट्रा साउंड सेंटर के संचालक को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया है। नोडल अधिकारी ने बताया कि विभागीय स्तर से कराई जा रही जांच पड़ताल और कारण बताओ नोटिस का जवाब मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की भी जाएगी।
भूतेश्वर प्रसाद शर्मा