पड़ोसियों ने घर में घुसकर दो युवतियों को पीटा
गढ़मुक्तेश्वर। बच्चों के बीच हुए विवाद से गुस्साए पड़ोसियों ने मजदूर की बेटियों को मारपीट कर घायल कर दिया। आरोपियों ने मजदूर के घर पर पथराव भी किया। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
गढ़ नगर के मोहल्ला आदर्श नगर निवासी शकील ने सोमवार की देर शाम थाने में तहरीर दी है। जिसने बताया कि वह मजदूरी कर अपने परिवार का पालन पोषण करता है। सोमवार की शाम करीब साढ़े सात बजे उसके परिवार के बच्चे घर के बाहर एक ठेली से चाऊमीन खरीद रहे थे। इसी बीच पड़ोस में रहने वाले परिवार के एक बच्चे से उनकी कहासुनी और मारपीट हो गई। जिसकी जानकारी मिलने पर पड़ोसी करीब एक दर्जन लोगों को अपने साथ लेकर उसके घर में घुस आया और गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर आरोपियों ने उसकी दो बेटियों को मारपीट कर घायल कर दिया। इतना ही नहीं आरोपियों ने बाहर पड़ी ईंट और पत्थर उठा कर उसके घर पर फेंकने शुरू कर दिए। जिससे परिवार के लोग डर के कारण कमरों में दुबकने को मजबूर हो गए। हंगामा होने के बाद आस-पड़ोस मे रहने वाले लोगों को इकट्ठा होता देखकर आरोपी धमकी देते हुए मौके से भाग खड़े हुए। पीड़ित ने पड़ोसी को नामजद करते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई है। इंस्पेक्टर राजपाल सिंह तोमर ने बताया कि सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची टीम ने घटना की जांच पड़ताल की है। तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।