बालू खनन के गोरखधंधे पर तहसील प्रशासन का डंडा चला
गढ़मुक्तेश्वर। बालू खनन के गोरखधंधे पर तहसील प्रशासन ने छापा मारकर सौ घन मीटर बालू का स्टॉक पकड़ा, हालांकि छापामारी की भनक लगते ही पकड़ में आने की बजाए आरोपी मौके से फरार हो गया।
प्रदेश शासन की कड़ी हिदायत पर पुलिस प्रशासन समेत खनन विभाग नहर और नदियों में हो रहे अवैध बालू खनन की रोकथाम को कदम उठा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार की दोपहर को एसडीएम राममूर्ति त्रिपाठी के नेतृत्व में तहसीलदार सुरेंद्र यादव और खनन निरीक्षक सुरेंद्र समेत स्थानीय पुलिस ने पुराने मेला रोड पर एक कृषि फार्म में छापा मारा। एसडीएम ने बताया कि कृषि फार्म परिसर में करीब सौ घन मीटर बालू का स्टॉक बरामद हुआ है, जो घास जमी होने से कई माह पुराना प्रतीत हो रहा है। उन्होंने बताया कि कृषि फार्म में पकड़ा गया बालू का स्टॉक आदेश कुमार निवासी गढ़ का बताया जा रहा है, जिसके द्वारा प्रस्तुत किए गए रॉयल्टी जमा करने के रवन्नों की खनन विभाग के माध्यम से जांच पड़ताल कराई जा रही है, जिसके बाद ही अब आगे की कोई कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।