चार दिन से आपूर्ति ठप, ग्रामीणों ने घेरा बिजली दफ्तर
गढ़मुक्तेश्वर। चार दिन पहले चोरी हुए बिजली के तार न लगने से गांव की बिजली आपूर्ति ठप है। उमस भरी गर्मी में बिजली किल्लत से परेशान ग्रामीणों ने दफ्तर का घेराव कर आपूर्ति सुचारु कराने की मांग की है।
गढ़ क्षेत्र के गांव अठसैनी में चार दिन पहले चोरों ने 25 बिजली के खंभों से तार चोरी कर लिए थे। तार चोरी होने से गांव की बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है। बिजली आपूर्ति बाधित होने से गुस्साए ग्रामीणों ने शनिवार को तहसील परिसर में स्थित बिजली निगम के दफ्तर का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का कहना है कि चार दिन बाद भी बिजली निगम द्वारा चोरी किए गए तारों के स्थान पर नई लाइन नहीं खिंचवाई गई है, जिसके चलते गांव की बिजली आपूर्ति बंद है। बिजली न आने से उमस भरी गर्मी में लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पीने के पानी के लिए हैंडपंप ही सहारा बचे हैं। वहीं पशुओं के लिए चारा काटने में भी भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। ग्रामीणों ने प्रदर्शन करते हुए जल्द से जल्द नई लाइन खिंचवाकर बिजली आपूर्ति सुचारु कराने की मांग की है।
प्रदर्शन करने वालों में ग्राम प्रधान पति अफजाल, आसिम, जुनैद, जावेद, तस्सवर, फरमान, आरिफ, अकरम, डॉ. नौशाद, यामीन समेत दर्जनों ग्रामीण शामिल रहे। एसडीओ हरि सिंह ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायत के आधार पर बिजली की समस्या का निस्तारण करा दिया जाएगा।