गंगा किनारे समेत मुख्य रास्तों पर फैला अतिक्रमण पूरी तरह हटेगा
गढ़मुक्तेश्वर। कांवड़ यात्रा के मद्देनजर तीर्थ पुरोहित, व्यापारी और मल्लाहों के साथ हुई बैठक में एसडीएम ने गंगा किनारे समेत मुख्य रास्तों पर फैले अतिक्रमण को जल्द से जल्द हटाने और गंगा में होने वाली डूबने की घटनाओं की रोकथाम को प्रभावी बंदोबस्त करने का कड़ा निर्देश दिया।
सावन मास की कांवड़ यात्रा 17 जुलाई को प्रारंभ होनी है। जिसमें दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान समेत पश्चिमी यूपी के लाखों शिवभक्त ब्रजघाट गंगा से कांवड़ भरने आएंगे, जबकि हरिद्वार और गौमुख से कांवड़ लाने वाले क्षेत्रीय लोगों समेत बुलंदशहर और अलीगढ़ जनपद के लाखों शिवभक्त भी ब्रजघाट और गढ़ क्षेत्र से होकर अपने गंतव्य स्थलों को वापसी करेंगे। कांवड़ यात्रा को पूरी तरह सकुशल संपन्न कराने के मकसद से स्थानीय प्रशासन, पुलिस और पालिका परिषद समेत संबंधित विभाग अपनी तैयारियों को जल्द से जल्द अंतिम रूप देने की कवायद में जुटे हुए हैं। ब्रजघाट के लोक निर्माण विभाग गैस्ट हाउस में शनिवार को तीर्थ पुरोहित, नाव चालक, व्यापारी और स्थानीय लोगों के साथ बैठक की। जिसमें एसडीएम राममूर्ति त्रिपाठी ने काफी तल्ख लहजे में कहा कि गंगा किनारे और स्नान घाटों समेत आवागमन से जुड़े मुख्य रास्तों पर हो रहे अतिक्रमण को संबंधित लोग जल्द से जल्द हटा लें, अन्यथा पुलिस प्रशासन द्वारा पालिका कर्मचारियों की मदद से अतिक्रमण को हटवाकर सामान को जब्त कर उनसे जुड़े लोगों से हर्जे खर्चे की वसूली भी की जाएगी। इसके अलावा एसडीएम ने कांवड़ यात्रा समेत पूर्णिमा अमावस्या और रोजमर्रा में डुबकी लगाने के दौरान डूबने से होने वाली अप्रिय घटनाओं की रोकथाम से जुड़े बंदोबस्त को पूरी तरह चाक चौबंद करने की कड़ी हिदायत भी दी।
गंगा घाट सभा अध्यक्ष देवी प्रसाद गौड़, ओमप्रकाश पहलवान, रोहित केवट, रोहित केवट, श्रीप्रकाश कौशिक, देवदत्त शर्मा, कन्हैया शर्मा, ज्ञानप्रकाश शर्मा, राजू शर्मा, राकेश शर्मा, गौरीशंकर, मनोज नागर, बबली पंडित, मनोज शर्मा, पवन शर्मा, दीपक गौड़, वेदप्रकाश, विनोद शर्मा, राहुल शुक्ला, हरीश नागर, प्रमोद, हिमांशु, रिंकू शर्मा ने कांवड़ यात्रा से जुड़े व्यवस्थाओं में भरपूर सहयोग करने का वादा करते हुए अतिक्रमण हटाने को दो दिनों की मोहलत मांगी।