दिनदहाड़े युवती का अपहरण कर दुष्कर्म करने का आरोपी गिरफ्तार
गढ़मुक्तेश्वर। गढ़ क्षेत्र में बृहस्पतिवार को शादी समारोह में शामिल होने आई मेरठ की युवती के साथ दुष्कर्म के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट का केस दर्ज किया है।
गढ़ कस्बे में रहने वाले एक परिवार में बृहस्पतिवार की दोपहर को बेटी की शादी का आयोजन हो रहा था, जिसमें रिश्तेदारी से जुड़ा मेरठ का एक परिवार भी शिरकत करने आया था। बताया कि रास्ते में मिला युवक शादी के लिए गिफ्ट दिलाकर लाने का झांसा देकर युवती को अपनी बाइक पर बैठाकर अपहरण कर ले गया था। इधर समारोह से बेटी को नदारद देख परिजन परेशान होकर उसकी खोजबीन में जुट गए। काफी देर बाद भी कोई सुराग न लगने पर उन्होंने बेटी का अपहरण होने की सूचना कोतवाली में दी। इसके आधार पर पुलिस जांच-पड़ताल में जुट गई। इसी बीच करीब दो घंटे बाद युवती शादी समारोह में वापस पहुंच गई। इसमें परिजनों द्वारा की गई पूछताछ में युवती ने एक युवक द्वारा शादी के लिए गिफ्ट दिलाने का झांसा देकर उसका बाइक से अपहरण करने व फिर किसी अंजान जगह ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म करने की बात बताई थी।
इंस्पेक्टर राजपाल सिंह तोमर का कहना है कि आरोपी को गिरफ्तार कर तहरीर के आधार पर उसके खिलाफ किशोरी के अपहरण, रेप और पॉस्को एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। बताया कि आरोपी को अदालत के आदेश पर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजकर मामले की विवेचना की जा रही है।