बागड़पुर में फुंका ट्रांसफार्मर न बदलने से दर्जनों घरों की बत्ती गुल
गढ़मुक्तेश्वर। गढ़ ब्लॉक क्षेत्र के गांव बागड़पुर के ग्रामीणों ने रविवार को बिजली निगम के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का कहना है कि प्राइमरी स्कूल के पास लगा हुआ ट्रांसफार्मर करीब एक सप्ताह पहले फुंक गया था। जिससे स्कूल के सामने वाले मोहल्ले की बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है।
जुलाई के महीने में उमस भरी गर्मी में बिजली आपूर्ति ठप होने से लोगों का जीना मुहाल हो रहा है। बिजली से चलने वाले उपकरण पंखे, कूलर, फ्रिज, इंवर्टर सभी शोपीस बने हुए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि रात के समय बिजली न आने से अंधेरे में रहने को मजबूर होना पड़ रहा है, वहीं बुजुर्गों और बच्चों को और भी अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है। पीने समेत रोजमर्रा की जरूरत के लिए पानी लाने के लिए उन्हें सरकारी हैंडपंपों का सहारा लेना पड़ रहा है। रात के अंधेरे में चोरी की वारदात का भी डर लगा रहता है। वहीं पशुओं के लिए चारा काटने के लिए भी कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है। कई बार बिजली निगम के अधिकारियों से शिकायत की लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो सकी है। जिसके चलते ग्रामीणों में रोष बढ़ रहा है। ग्रामीणों ने जल्द से जल्द फुंका ट्रांसफार्मर न बदले जाने पर बिजली निगम के कार्यालय का घेराव कर आंदोलन की चेतावनी दी है। प्रदर्शन करने वालों में भूपेंद्र, चेतन चौहान, सुनील, सुमित, मुकेश, सोनू, प्रमोद, मंगत, कलवा, धर्म सिंह शामिल रहे। एक्सईएन राकेश कुमार का कहना है कि उक्त ट्रांसफार्मर राजीव गांधी ग्रामीण विद्युतीकरण योजना के तहत लगा हुआ है। ठेकेदार को पत्र भेजकर जल्द से जल्द ट्रांसफार्मर बदलने का निर्देश दिया गया है।