वकील शिवशंकर दुबे की हत्या के विरोध में धरना-प्रदर्शन
हापुड़। बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने फिरोजाबाद में वकील शिवशंकर दुबे की हत्या के विरोध में जमकर नारेबाजी करते हुए धरना-प्रदर्शन किया। साथ ही अधिवक्ताओं ने कचहरी पहुंचे और उपजिलाधिकारी को मुख्यमंत्री के लिए ज्ञापन दिया। जिसके चलते सभी अधिवक्ता हड़ताल कर न्याय कार्य से विरत रहे।
एसोसिएशन के अधिवक्ता मंगलवार की सुबह कचहरी परिसर में एकत्र हुए। जहां पर अधिवक्ताओं ने वकील शिवशंकर दुबे की हत्या को लेकर पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए जमकर नारेबाजी की। इस अवसर पर एसोसिएशन के अध्यक्ष ऐनुल हक व सचिव नरेंद्र शर्मा ने कहा कि अधिवक्ता समाज ने देश की आजादी से लेकर आज तक प्रत्येक महत्वपूर्ण मुद्दों पर बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया है तथा देश के विकास व निर्माण में अधिवक्ताओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। जिसके चलते ही फिरोजाबाद में अधिवक्ता शिवशंकर दुबे की हत्या कर दी गई है और पुलिस ने अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है। जिससे अधिवक्ताओं में कड़ा आक्रोश है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले का शीघ्र खुलासा करे और सरकार तत्काल पीड़ित परिवार को पचास लाख रुपये की आर्थिक सहायक प्रदान करे। उन्होंने कहा कि यदि ऐसा नहीं होता है तो अधिवक्ताओं को कड़ा आक्रोश सड़क पर दिखाई देगा।
इस अवसर पर सूरज कुमार, रामअवतार सिंह तोमर, प्रवीन कुमार सिंह, विनोद कुमार, अमित कुमार चीमा, महेंद्र कुमार, लाल सिंह आगौंर, जगदीश प्रसाद शर्मा, अभिषेक आजाद, हर्षित जिंदल, भरत कुमार, सोनू कुमार उपस्थित थे। संवाद