बंधक बनाकर पीटा 10 माह बाद रिपोर्ट दर्ज
गढ़मुक्तेश्वर। कोतवाली क्षेत्र के गांव अक्खापुर में युवक को घर से बुलाने के बाद बंधक बनाकर पिटाई करने और उसे बचाने पहुंचे परिजनों पर भी हमला करने के मामले में पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। पीड़ित ने 10 माह बाद न्यायालय के आदेश पर पांच आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
गांव अक्खापुर निवासी संजीव कुमार ने बताया कि आठ फरवरी की सुबह करीब चार बजे गांव के ही रहने वाले मोहित, बिरजू, अरुण, मनु और कुलदीप उसके घर के बाहर पहुंचे। जिन्होंने उसे घर से बाहर बुलाया, जहां से आरोपी जबरन उसे अपने घर ले गए। जहां आरोपियों ने हाथ पैर बांधकर लाठी-डंडों से उसकी पिटाई कर दी।
शोर मचाने पर उसके परिजन ज्ञानेंद्र, आकाश, कपिल, किरन बचाने के लिए आरोपियों के घर पहुंचे, तो आरोपियों ने अभद्रता करते हुए उन पर भी हमला कर दिया। जिससे वह सभी लोग घायल हो गए। हंगामा होने के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने उन्हें आरोपियों के चंगुल से मुक्त कराया। पीड़ित का कहना है कि इस संबंध में उसने आरोपियों को नामजद करते हुए कोतवाली में तहरीर दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो सकी।
एसपी कार्यालय मे शिकायत दर्ज कराने के बावजूद भी सुनवाई नहीं हो सकी। जिसके चलते आरोपी पक्ष के लोग जान से मारने और दुष्कर्म के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दे रहे हैं। जिसके चलते उसे न्यायालय में वाद दायर करना पड़ा।
कोतवाली पुलिस का कहना है कि न्यायालय के आदेश पर पांचों आरोपियों के खिलाफ बलवा, बंधक बनाने, जान से मारने की धमकी देने समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मामले की जांच करते हुए आरोपियों की तलाश की जा रही है। संवाद