14 शीतगृहों को आलू निकासी के लिए नोटिस जारी
हापुड़। आलू पर चटकी के इंतजार में अभी भी 45 फीसदी किसानों ने शीतगृहों से निकासी नहीं की है। उद्यान विभाग ने 14 शीतगृहों को नोटिस जारी कर, अक्तूबर महीने के अंत तक कोल्ड स्टोर खाली कराने के आदेश दिए हैं। करीब 83 हजार मिट्रिक टन आलू बाजार से दूर है, इन दिनों मंडी में दाम 900 रुपये/कट्टा तक चल रहे हैं।
जिले में बड़े पैमाने पर आलू की खेती होती है। पिछले साल आलू की फसल कमजोर थी। उत्पादन कम रहने से शीतगृह पूरे नहीं भर सके थे। शुरूआत में दाम कम रहे, लेकिन पिछले करीब दो महीने से दाम 800 से 900 रुपये तक चल रहे हैं। मंडी में किसानों का अच्छी गुणवत्ता का आलू 900 रुपये/कट्टा तक खरीदा जा रहा है।
लेकिन किसानों को अभी दाम और बढ़ने की उम्मीद है। क्योंकि बरसात के कारण नए आलू की बुवाई लेट हो गई है। बाहर का आलू अभी नहीं आ रहा है, बाजारों में स्थानीय और पुराना आलू की बिक्री हो रहा है। दीपावली तक नए आलू के आने की उम्मीद भी कम है। ऐसे में किसान आलू के दाम बढ़ने का इंतजार कर रहे हैं। यही कारण है कि शीतगृहों में अभी भी करीब 81 हजार मिट्रिक टन आलू शेष है।
नए सत्र की शुरूआत होनी है, ऐसे में उद्यान विभाग ने शीतगृह संचालकों को नोटिस जारी कर, अक्तूबर महीने के अंत तकी कोल्ड स्टोरेज को खाली कराने के आदेश दिए हैं। शीतगृह संचालकों ने भी किसानों को इसकी सूचना दे दी है।
बता दें कि धान के खेतों में इन दिनों आलू की बुवाई की तैयारियां शुरू हो गई है। जिसके चलते शीतगृहों से किसान बीज की निकासी करने पहुंच रहे हैं। आलू के थोक खरीदार राधेलाल त्यागी कहते हैं कि जब तक नया आलू नहीं आता, तब तक पुराने आलू की कीमत बढ़ने की उम्मीद है। नया आलू आते ही रेट गिर सकते हैं, इन दिनों किसानों को आलू का अच्छा दाम मिल रहा है।
-चिप्सौना आलू के बीज की डिमांड पूरी नहीं कर पा रहा उद्यान विभाग-
उद्यान विभाग जिले के किसानों की डिमांड को पूरा नहीं कर पा रहा है। विभाग को चिप्सौना प्रजाति के आलू का बीज सिर्फ 300 क्विंटल ही मिला है, जबकि किसानों की डिमांड 5 हजार क्विंटल से अधिक है। ऐसे में इस बीज का वितरण भी अब लॉटरी के माध्यम से करायी जानी है।
-जिले के अंदर वर्ष 2021-22 में आलू की स्थिति-
क्षेत्रफल---20 हजार हेक्टेयर।
उत्पादन---1.80 लाख मीट्रिक टन।
शीतगृह---16
भंडारण क्षमता--1.90 लाख मीट्रिक टन।
अवशेष आलू--81 हजार मीट्रिक टन।
-शीतगृहों को जारी किया है नोटिस-
आलू की निकासी को लेकर शीतगृहों को नोटिस जारी कर दिया है। अक्तूबर महीने के अंत तक शत प्रतिशत आलू की निकासी के आदेश दिए गए हैं। आलू का चिप्सौना बीज लॉटरी के माध्यम से आवंटित किया जाएगा। -डॉ.हरित, जिला उद्यान अधिकारी।