आनंद विहार से उत्तराखंड के लाल कुंआ के बीच रेलवे प्रबंधन एक साप्ताहिक ट्रेन चलाएगा। यह ट्रेन 16 अगस्त से दौड़ेगी। इस ट्रेन का हापुड़ स्टेशन पर भी दो मिनट का स्टॉपेज दिया गया है। कुमायूं मंडल (उत्तराखंड) की ओर जाने वाले यात्रियों को इस ट्रेन से काफी राहत मिलेगी।
हापुड़ स्टेशन से काफी संख्या में यात्री नैनीताल, काठगोदाम, रूद्रपुर की ओर जाते हैं लेकिन यहां से कोई ट्रेन नहीं होने के कारण उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ता है। रेलवे प्रबंधन ने इस रूट के यात्रियों की परेशानियों को देखते हुए एक साप्ताहिक ट्रेन चलाने की घोषणा की है।
यह ट्रेन मंगलवार को लालकुंआ से चलेगी जबकि बृहस्पतिवार को आनंद विहार और लाल कुंआ के बीच दौड़ेगी। रेलवे सूत्रों ने बताया कि ट्रेन संख्या 15059/15060 लाल कुंआ से मंगलवार सुबह करीब 4:30 बजे आनंद विहार के लिए रवाना होगी।
यह ट्रेन हापुड़ में सुबह पौने 10 बजे पहुंचेगी। दो मिनट रुकने के बाद यह ट्रेन आनंद विहार के लिए रवाना हो जाएगी। इस ट्रेन का आनंद विहार पहुंचने का समय सुबह 11 बजे है जबकि आंनद विहार से यह ट्रेन बृहस्पतिवार को दोपहर 2:05 बजे चलेगी जो करीब सवा तीन बजे हापुड़ पहुंचेगी।
दो मिनट रुकने के बाद यह ट्रेन लाल कुंआ के लिए रवाना होगी। स्टेशन अधीक्षक वीरेंद्र सिंह ने बताया कि अभी अधिकारिक तौर पर इस ट्रेन का शेड्यूल प्राप्त नहीं हुआ है। उम्मीद है कि जल्द ही ट्रेन का शेड्यूल प्राप्त हो जाएगा।