ट्रक से टकराया कैंटर, युवक की मौत, चालक घायल
संवाद न्यूज एजेंसी
सिंभावली। गांव सिखैड़ा के पास हाईवे पर आगे जा रहे ट्रक से कैंटर की भिड़ंत होने पर चालक घायल हो गया और उसके साथी की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है।
जनपद रायबरेली के थाना जगतपुर के गांव सुल्तानपुर जनोली निवासी रविकांत सिंह का बेटा अनुराग सिंह (35) एक प्राइवेट कंपनी में कैंटर चालक था। शुक्रवार वह को अपने साथी चालक विनीत के साथ कैंटर में सामान भरकर मुरादाबाद से ग्रेटर नोएडा जा रहा था। देर रात करीब साढ़े 12 बजे सिंभावली क्षेत्र में गांव सिखैड़ा के पास नए बाईपास पर आगे जा रहे ट्रक के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। जिससे कैंटर चला रहा विनीत नियंत्रण खो बैठा और कैंटर अनियंत्रित होकर ट्रक से टकरा गया। घटना में अनुराग की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि विनीत घायल हो गया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने विनीत को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराते हुए अनुराग के शव को कब्जे में ले लिया। जिसके पास मिले मोबाइल नंबर के आधार पर उसके परिजनों को सूचना दी। हादसे के बाद चालक ट्रक को मौके पर ही छोड़कर भाग निकला। मृतक के तहेरे भाई वीर बहादुर सिंह ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
इसके अलावा शुक्रवार की रात नेशनल हाईवे पर घने कोहरे के चलते मुरादाबाद से दिल्ली की तरफ जा रही कार अनियंत्रित होकर गांव बदरखा के निकट हाईवे की रेलिंग से टकरा गई। हादसे में कार क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि कार सवार दलजीत, महेंद्र और रोबिन मामूली रूप से घायल हो गए।
सीओ स्तुति सिंह ने कहा कि मृतक के शव को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई के लिए भेज दिया गया है। दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया गया है। ट्रक नंबर के आधार पर चालक की तलाश की जा रही है।