नवजात शिशु को गंग नहर किनारे छोड़ा
गढ़मुक्तेश्वर। कोतवाली क्षेत्र में गढ़-मेरठ रोड पर मध्य गंग नहर के निकट झाडिय़ों में सोमवार की शाम लोगों को एक नजवात शिशु (बच्ची) पड़ी मिली। पुलिस ने बच्ची को कब्जे में लेकर अस्पताल में भर्ती कराया है।
भारत देश में एक ओर जहां महिलाओं व बच्चियों को देवी का स्वरूप माना जाता है और नवरात्र समेत अन्य पर्वों पर देवी स्वरूप मानकर बच्चियों की पूजा करने का भी विधान है। वहीं दूसरी ओर आज भी रूढ़िवादी परंपरा के लोग बेटी को बोझ मानते हैं। ऐसा ही एक मामला सोमवार की देर शाम कोतवाली क्षेत्र में गढ़-मेरठ रोड पर सामने आया। बेटी पैदा होने पर कोई महिला नवजात को मेरठ रोड पर मध्य गंग नहर के पास झाडिय़ों में छोड़ कर चली गई। नवजात के रोने की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे, जिसकी सूचना लोगों ने 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को दी। कार्तिक पूर्णिमा मेले पर दीपदान की भीड़ के बीच नहर किनारे नवजात बच्ची के मिलने की सूचना मिलते ही पुलिसकर्मी मौके पर पहुंच गए। जिन्होंने उसके परिजनों के बारे में जानकारी करने का काफी प्रयास किया, लेकिन उनके बारे में कुछ भी पता नहीं चल सका। जिसके बाद पीआरवी पर तैनात पुलिसकर्मी बच्ची को लेकर कोतवाली पहुंचे। कोतवाली पुलिस का कहना है कि बच्ची को महिला कांस्टेबल की सुपुर्दगी में दिया गया है, वहीं उपचार के लिए उसे स्थानीय अस्पताल भी भेजा गया है। फिलहाल बच्ची स्वस्थ है। जिसके परिजनों के बारे में जानकारी करने का प्रयास किया जा रहा है।